
Son-in-law shot dead
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में पत्नी को विदा न करने से नाराज दामाद ने आरसी मिशन थाना क्षेत्र के लालबाग चौढ़ेरा में ससुर सालिगराम (65) की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने बाद आरोपी मौके से भाग गया।
उसके भांजे नकुल को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भारद्वाजी कॉलोनी निवासी सालिगराम राजकीय मेडिकल कॉलेज में सफाईकर्मी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
उन्होंने बेटी खुशबू की शादी थाना सदर बाजार के मोहल्ला वाईबाग निवासी व पेशे से चालक संजय बलधारी के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही संजय दहेज को लेकर मारपीट करने लगा। इससे तंग आकर खुशबू तीन महीने पहले पिता के घर आ गई थी।
बृहस्पतिवार को सालिगराम अपनी बड़ी बेटी लक्ष्मी के घर बेटी खुशबू के साथ लालबाग चौढ़ेरा आए थे। शुक्रवार को घर के बाहर वह राजमिस्त्री से काम करवा रहे थे। शाम करीब चार बजे संजय अपने भांजे नकुल के साथ बाइक से वहां आ गया। घर के बाहर खड़े ससुर सालिगराम से उसकी बहस होने लगी तभी अचानक संजय ने तमंचा निकालकर ससुर को गोली मार दी थी।
