कदौरा। कदौरा थाना क्षेत्र के खुटमिली गांव में बुधवार शाम करीब 3 बजे हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते किसान गुलाब यादव की करीब 10 बीघे के खेत में से लगभग 2.5 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

घटना के समय आसपास मौजूद राहगीरों मोनू, चंद्रेश, अमरसिंह, रवि और श्रीकांत आदि ने तत्परता दिखाते हुए ट्यूबवेल की हौद और ई-रिक्शा के जरिए पानी ढोकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की करीब एक घंटे की मशक्कत के दौरान आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही और आग पर काबू पाया। सूचना के दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी।

पीड़ित किसान गुलाब यादव व आशीष यादव ने आरोप लगाया कि इसी खेत में पिछले वर्ष भी एचटी लाइन से चिंगारी गिरने से आग लग चुकी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने जर्जर तारों को नहीं बदला। ग्रामीणों के अनुसार लगभग 2 किलोमीटर लंबाई तक हाईटेंशन लाइन पुराने पोल और जर्जर लोहे के तारों के सहारे संचालित हो रही है, जो कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। खेतों के ऊपर से गुजर रही लाइन के तार मात्र 2 मीटर की दूरी पर नीचे लटक रहे हैं।

किसानों का कहना है कि यदि उस समय हवा तेज होती, तो आसपास की सैकड़ों बीघा फसल भी आग की चपेट में आ सकती थी। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित प्रयास से एक बड़ी अनहोनी टल गई। किसानों ज्ञानेंद्र, विकास, छोटू, जयराम प्रधान का आरोप है कि संबंधित जेई मिठाईलाल केवल फोन पर जानकारी लेते रहे और मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि संबंधित विद्युत विभाग के एसडीओ और लेखपाल को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को राहत दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *