विजयदशमी के अवसर पर आज शहर में भव्य दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। जिसमें रावण का पुतला दहन कर नगरवासियों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। श्रीरामलीला सभा द्वारा रामलीला मैदान में शाम 7.30 बजे 85 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।
कमेटी ने भरतपुर और शिवाकाशी से आतिशबाजी मंगाई है। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि इस बार रावण के मुख में आतिशबाजी लगाई गई हैं। जैसे ही श्रीराम तीर चलाएंगे, रावण के मुख से चिंगारियां फूटेंगी। ऐसा प्रतीत होगा जैसे रावण हंसता हुआ दहन हो रहा है।
इसके अलावा दो अन्य स्थानों पर भी विजयदशमी का आयोजन किया जाएगा। श्री सदर बाजार कमेटी और श्रीरामलीला कमेटी औरंगाबाद की ओर से रावण के पुतले का दहन का कार्यक्रम शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगा। इस परंपरा के अनुसार श्रीराम पहले महाविद्या के मंदिर में पूजा करेंगे। इसके बाद रावण और श्रीराम के युद्ध का मंचन होगा।
इसके बाद रावण के पुतले को जलाया जाएगा। सुबह से ही मेले में श्रद्धालुओं, बच्चों और युवाओं की भीड़ रहेगी। मेले की व्यवस्था के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से पूरा किया जा सके।
