
वाराणसी की प्रमुख खबरें।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिसंबर में मौसम अब बदलने लगा है। वाराणसी का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में ठंडक तेजी से दस्तक दे रही है। वाराणसी में आज से अगले तीन दिनों तक तेज ठंडी हवा बहने की भविष्यवाणी की गई है। वहीं 7 से 9 दिसंबर तक धुंध छाने का अनुमान है।
पशुओं को ठंड से बचाने के लिए लगाया तिरपाल
पशुपालन विभाग की टीम ने चिरईगांव पशुआश्रय का निरीक्षण कर पशुओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। विकास खंड की ग्राम पंचायत सीवों और छाही के गोआश्रय स्थल पर रखे गए गोवंशों को ठंडक से बचाव के लिए तिरपाल लगाया गया। पशुचिकित्साधिकारी डॉ आर.ए चौधरी ने बताया कि सीडीओ हिमांशु नागपाल ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. बीपी पाठक को निर्देश दिया कि सभी पशुओं को सही खान-पान और ठंड से बचाव के इंतजाम किए जाए।
ताइवान के वैज्ञानिकों ने मिर्च अनुसंधान पर की चर्चा
आराजीलाइन विकासखंड क्षेत्र के शाहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में ताइवान स्थित वर्ल्ड वेजिटेबल सेंटर के वैज्ञानिक दल ने भ्रमण किया। इसमें मिर्च अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाओं पर वैज्ञानिकों ने परिचर्चा की। इसका उद्देश्य ऐसी किस्में विकसित करना था, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिले। कार्यकारी निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने वैज्ञानिकों को संस्थान की विकास यात्रा और शोध गतिविधियों से परिचित कराया।