अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले रेल यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के अंदर भी स्पेशल थाली परोसी जा रही है। इसके मैन्यू में व्रत में खाए जाने वाली खाद्य वस्तुओं का ही इस्तेमाल हो रहा है। यह सुविधा झांसी समेत 150 स्टेशनों में उपलब्ध कराई जा रही है।
नवरात्र के दौरान दूर-दराज का सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिए यह सेवा शुरू की गई है। यह सुविधा झांसी समेत दिल्ली, सूरत, जयपुर, लखनऊ, पटना जंक्शन, लुधियाना, दुर्ग, चेन्नई सेन्ट्रल, सिकंदराबाद, अमरावती, हैदराबाद, तिरूपति आदि स्टेशनों पर भी उपलब्ध कराई जा रही है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक 150 से अधिक स्टेशन पर स्पेशल थाली की सुविधा दी जा रही है।यात्री ऑनलाइन एवं मोबाइल एप के जरिये इसका लाभ उठा सकते हैं। यह स्पेशल व्रत की थाली खास तौर पर नवरात्रि के त्योहार को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसमें गुणवत्ता और पोषकता का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्री पीएनआर नंबर दर्ज करके यह सुविधा हासिल कर सकते हैं।
