रेलवे प्रशासन ने अप्रैल में झांसी से पुणे, मुंबई, गोरखपुर, वाराणसी, भोपाल व कानपुर जाने वाले यात्रियों के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पुणे-गोरखपुर (01415/01416) व मुंबई-गोरखपुर (01079/01080) के लिए अप्रैल में प्रतिदिन व लोकमान्य तिलक टर्मिनस-वाराणसी (01073/01074) सप्ताह में दो बार संचालित की जाएगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि पुणे-गोरखपुर (01415) एक से 30 अप्रैल तक प्रतिदिन चलाई जाएगी। वहींं, गोरखपुर-पुणे (01416) दो अप्रैल से एक मई तक चलेगी। पुणे से यह ट्रेन 6:50 बजे चलकर इटारसी, रानी कमलापति होकर अगले दिन सुबह 4 बजे झांसी पहुंचेगी। कानपुर सेंट्रल, लखनऊ होते हुए 16:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, गोरखपुर से शाम 17:30 बजे ट्रेन चलेगी और अगले दिन सुबह 4 बजे झांसी आएगी और अगले दिन 3:15 बजे पुणे पहुंचेगी।
इसी प्रकार, छत्रपति महाराज टर्मिनस मुंबई-गोरखपुर (01079) एक से 30 अप्रैल तक चलेगी। वहीं गोरखपुर-छत्रपति महाराज टर्मिनस मुंबई (01080) 3 अप्रैल से 2 मई तक प्रतिदिन चलेगी। मुंबई से यह ट्रेन 22:30 बजे चलेगी, जो अगले दिन 22:50 बजे झांसी, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ होते हुए सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में गोरखपुर से यह ट्रेन 14:30 बजे चलेगी।
इसी प्रकार, लोकमान्य तिलक टर्मिनस- वाराणसी सप्ताह में दो दिन चलेगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-वाराणसी (01073) हर बुधवार व बृहस्पतिवार को एक से 30 अप्रैल तक चलेगी। वहीं वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (01074) हर शुक्रवार व शनिवार को 3 अप्रैल से दो मई तक चलेगी। लोकमान्य तिलक से यह ट्रेन 12:15 बजे चलेगी। झांसी, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में वाराणसी से 5:30 बजे चलेगी।
