रायबरेली। सावन मास के तीसरे सोमवार को हरचंदपुर क्षेत्र के आस्तीक बाबा मंंदिर परिसर में लगे मेले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम की जांच में जलेबी, चटनी, आइस्क्रीम समेत नौ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता ठीक नहीं मिली।
प्रयोगशाला वैन में 42 खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के बाद दुकानदारों और ग्राहकों को शुद्ध खाद्य पदार्थों के प्रयोग के लिए जागरूक किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शेफाली रस्तोगी, हरेंद्र सिंह की टीम ने मेला परिसर में प्रयोगशाला वैन के साथ पहुंचकर लोगों को शुद्ध पदार्थों के सेवन के प्रति प्रेरित किया। कई दुकानदारों को चेताया। घटिया मिठाई नष्ट कराई।
टीम ने पहुंचकर सचल प्रयोगशाला वैन में तेल, मसाले, अनरसा, मिठाई आदि के 42 नमूनों की जांच की। जांच में चटनी, अनरसा, जलेबी समेत नौ खाद्य पदार्थों के नमूने फेल मिले। दूषित खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। दुकानदारों को चेताते हुए घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने के निर्देश दिए।
अभिहीत अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि कांवड़ियों और शिवभक्तों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मुहैया कराने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम भेजकर जांच कराई। सचल प्रयोगशाला वैन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराई गई। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
