
नुमाइश में पंजाबी नाइट
– फोटो : संवाद
विस्तार
अलीगढ़ की राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी के कोहिनूर मंच पर 13 फरवरी की रात पंजाबी नाइट में चर्चित कलाकार सुक्खे का जलवा देखने को मिला। सुक्खे ने अपने सुरीले गीतों से दर्शकों के दिल पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। उन्होंने दर्शकों की मांग पर अपने पसंदीदा गाने सुनाकर उनका भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान दर्शक अपनी सीटों पर झूमते हुए थिरकते नजर आए।

इस साल नुमाइश के आयोजन में इस पंजाबी नाइट को देखने बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। दर्शकों की दीवानगी का यह आलम था कि शाम से ही कोहिनूर मंच के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी थीं। रात आठ बजे तक पूरा पंडाल भर चुका था। बड़ी संख्या में दर्शक खाली मैदान में खड़े होकर पंजाबी कलाकार की एक झलक पाने को बेकरार थे और मंच तक जाने को धक्का-मुक्की करने से भी पीछे नहीं रहे।

वीआईपी दीर्घा के पीछे जनरल दीर्घा से कुछ दर्शकों की भीड़ में खड़े अराजक तत्वों ने प्लास्टिक कुर्सिंयों के साथ वीआईपी दीर्घा में पत्थर भी फेंके। इसमें एक पत्थर से वहां बैठे दर्शक का सिर फट गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। ऐसे में पुलिस कर्मियों को लाठियां फटकार उत्पाती दर्शकों को वहां से हटाना पड़ा। कई लोग पास होने के बाद भी भीड़ के चलते एंट्री नहीं पा सके। इसको लेकर उन्हें निराश होकर घर लौटना पड़ा।

पंजाबी नाइट का शुभारंभ नोएडा यूर्निवर्सिटी के वाइस चांसलर अभिमन्यु सिंह ने दीप जलाकर किया। उन्हें नुमाइश प्रशासन की ओर से एसीएम प्रथम विनीत मिश्रा, नुमाइश बाबू अर्पित शर्मा, रचित वशिष्ठ आदि ने सम्मानित किया। मंच पर आते ही पंजाबी गायक सुक्खे ने पॉप गीत के जरिए दर्शकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ा। सुक्खे ने इसके बाद कोका-कोका … कारी-कारी… सुन मेरी राणी तुझे… कजरा तेरा नी शानू करे इशारे.., कुड़िया दि बिच…, मुंडा सुनाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

उन्होंने दर्शकों की मांग पर अपने कई पसंदीदा गाने सुनाकर उनका भरपूर मनोरंजन किया। डांस ग्रुप के कलाकार भी कई गीतों पर नृत्य करते नजर आए। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि कुछ उत्पाती दर्शकों ने पत्थर व कुर्सिंयां फेंक दी थीं, जिससे एक दर्शक को मामूली चोट आई है। कार्यक्रम सामान्य तरीके से संपन्न हुआ।
