
बूथ के बाहर लगीं कतारें।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र में वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह से ही यहां लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। जिले में छठे चरण के लोकसभा चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 1254 मतदान केंद्रों में से 223 संवेदनशील केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बल का एक कमांडर व चार जवान और सिविल पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान के दौरान गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिले में छठे चरण के मतदान के दिन पुलिस महकमे ने अपना मजबूत सुरक्षा ढांचा तैयार किया है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से पुलिस विभाग ने 1254 मतदान केंद्रों को 16 जोन व 181 सेक्टर में विभाजित किया है। यहां पर मतदान के समय 16 कंपनी-दो प्लाटून अर्द्धसैनिक बल व एक कंपनी-एक प्लाटून पीएसी कंपनी तैनात की गई है। इसके साथ ही गैर जनपद से 421 उप निरीक्षकों व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। 4346 पुलिस कर्मियों व 3454 होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। 223 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बल व सिविल पुलिस तैनात रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण चंद्र ने बताया कि मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। संबंधित क्षेत्राधिकारी मतदान के दौरान गश्त पर रहेंगे। कहीं भी कोई उपद्रव की स्थिति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
25,678 लोग किए गए पाबंद, 3,322 पर शांतिभंग की कार्रवाई
जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर तीन माह में 25,678 लोग पाबंद किए गए हैं। 3,322 लोगों पर शांतिभंग के अंदेशे में कार्रवाई की गई। 43 लोगों को जिला बदर किया गया है। इसमें से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 1,246 हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें से 523 के खिलाफ शांतिभंग के अंदेशे में कार्रवाई की गई है। 343 लोगों पर 110 जी की कार्रवाई की गई है। 216 पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। जिले मेंं 14,165 शस्त्र लाइसेंस हैं। इसमें से 10,640 असलहे जमा कराए गए हैं।
