
मेडिकल कॉलेज में घायल से पूछताछ करते पुलिसकर्मी।
– फोटो : अमर उजाला संवाद
विस्तार
बहुचर्चित चिकित्सक हत्याकांड के सहआरोपी विजय नारायन की दरियापुर तिराहे पर रविवार देर रात एक बार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके साथी को पेट में गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। हत्याकांड के बाद से बड़ी संख्या में लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच नारेबाजी करने लगे। मामला बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाल किसी तरह विरोध को शांत कराया।
नगर कोतवाली के नारायनपुर गांव निवासी विजय नारायन (45) पुत्र प्रकाश नारायन सिंह 23 सितंबर 2023 को हुए चिकित्सक घनश्याम तिवारी हत्याकांड में सह आरोपी था। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 14 मार्च को जेल से बाहर आया था। रविवार को वह अपने साथी अनूप शर्मा (30) पुत्र शैलेंद्र प्रताप शर्मा, निवासी शास्त्रीनगर के साथ दरियापुर तिराहे पर पल्लवी बार में पार्टी कर रहा था। उसके साथी की वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया।
कुछ देर बाद आरोपी आया और पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली विजय नारायन के बाएं सीने में लगी और एक अनूप शर्मा के पेट में। दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां विजय नारायन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अनूप को लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया। उधर, विजय नरायन के साथ मौजूद लोगों ने बताया कि हत्या करने वाला अंबेडकरनगर के अजय सिपाही गैंग से जुड़ा है। अस्पताल पहुंचे एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि हत्यारोपी की पहचान अजय सिंह के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गईं हैं।
