Sun scorched, business also got heat wave

धूप से बचाव के लिए दुपट्टे ओढ़ कर जाती महिलाएं

अमेठी सिटी। जेष्ठ की तपती दोपहरी अब लोगों को चुभने लगी है। बुधवार सुबह होते ही तेज धूप की शुरुआत और दोपहर में चमड़ी को झुलसाने वाली गर्मी रही। दोपहर में सड़कों पर कफ्र्यू जैसा नजारा रहा। मौसम की मार इंसानों पर ही नहीं कारोबार पर बुरी तरह पड़ रही है। व्यापारियों की मानें तो करीब दो करोड़ का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

जेष्ठ माह में तेज धूप और लू का सितम जारी है। बढ़ते तापमान से हर कोई परेशान है। बुधवार की सुबह नौ बजते ही तेज धूप से लोग परेशान रहे। बाजार में सन्नाटे जैसी स्थिति रही। बढ़ते तापमान का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। एक अनुमान के मुताबिक, मौसम के कारण हर राेज जिले में करीब दो करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है। लू चलने से लोगों काे सफर करना भी मुश्किल हो गया है। सुबह से तेज धूप निकले से लोग घरों में रहने को मजबूर रहे। पहले बाजार में हमेशा चहल-पहल रहती थी, अब वहां दोपहर होते ही सन्नाटा हो जाता है। इसका असर छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारियों पर पड़ रहा है।

70 प्रतिशत व्यापार प्रभावित

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने बताया कि सामान्य दिनों में छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारियों का पूरे जिले में करीब सात से आठ करोड़ तक का कारोबार होता था। लेकिन, मौसम की मार से करीब 70 प्रतिशत व्यापार प्रभावित हुआ है। किराना, फल, सब्जी व अन्य छोटे दुकानदारों को मौसम के कारण काफी परेशानी हो रही है।

गर्मी के चलते नहीं आ रहे ग्राहक

रेडीमेड दुकानदार सुमित यादव ने बताया कि गर्मी के चलते बाजार में बिक्री 70 फीसदी से अधिक गिरावट दर्ज की गई। दूर दराज के ग्राहक गर्मी के चलते बाजार नहीं आ रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रही है।

आधा रह गया कारोबार

कपड़ा व्यवसायी मोहम्मद दानिश ने बताया कि सुबह जब तक दुकानें खुलती हैं, तब तक इतनी धूप व गर्मी हो जाती है कि ग्राहक बाजार आते ही नहीं हैं। कारोबार आधा रह गया है। शहरी क्षेत्र के लोग शाम को खरीदारी के लिए आते हैं, जिसमें से केवल 20 से 30 फीसदी बिक्री होती है।

कम आ रहे ग्राहक

चाय-नाश्ते की दुकान करने वाले रोहित ने बताया कि गर्मी के चलते दुकान पर ग्राहक नहीं आ रहे हैं। छुटपुट लोग दुकान पर आते हैं। गर्मी के चलते दुकानदारी पूरी तरह से प्रभावित हुई है। अन्य समय की अपेक्षा गर्मी के मौसम में हम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नहीं होती बोहनी

श्रंगार सामग्री की दुकान संचालित करने वाले मो. समीर ने बताया कि सहालग नहीं होने के साथ पड़ रही बेतहाशा गर्मी से मई व जून माह में व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। कई दिन तो ऐसे भी रहे, जिसमें बोहनी तक नहीं हुई। जो ग्राहक आ भी रहे हैं, वह शाम छह बजे के बाद आते है। ऐसे में पूरे दिन गर्मी में ग्राहक का इंतजार करना पड़ रहा है।

क्या बोले, मौसम वैज्ञानिक

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्शियस तो न्यूनतम 28.5 डिग्री रहा। 3.6 किलामीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दक्षिणी पूर्वी हवाएं चली। मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान के अनुसार अभी कुछ दिन तक तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है। आगामी 24 घंटे मौसम शुष्क रहेगा तो हवा सामान्य से गति आगे भी पूर्वी चलने की संभावना है। गर्मी से राहत की फिलहाल संभावना नहीं है।

अघोषित बिजली कटौती बनी मुसीबत

ग्रामीण क्षेत्रों में तो इन दिनों सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बिजली की अघोषित कटौती के कारण इन्वर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। बिजली की आवाजाही से लोग परेशान हैं।

डाॅक्टर दे रहे सावधानी बरतने की सलाह

फिजीशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि सावधानी बरतने से ही मौसमी बीमारी से बचा जा सकता है। मौजूदा समय में दिन प्रतिदिन तापमान में वृद्घि हो रही है। इसका स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में साफ सफाई के साथ खान-पान पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। खान पान पर विशेष ध्यान दें। तेल मसाले वाले भोजन से बचें।

इस तरह बढ़ा दिन का पारा

बुधवार को दिन भर का तापमान

08:30 बजे – 37 डिग्री

09:30 बजे – 38 डिग्री

10:30 बजे – 40 डिग्री

11:30 बजे – 42 डिग्री

12:30 बजे – 43 डिग्री

01:30 बजे – 44 डिग्री

02:30 बजे – 45 डिग्री

03:30 बजे – 44 डिग्री

04:30 बजे – 44 डिग्री

04:30 बजे – 43 डिग्री

06:30 बजे – 42 डिग्री

नोट: तापमान का यह डाटा मोबाइल से लिया गया है। मौसम वैज्ञानिक का दावा है कि बुधवार को अधिकतम 44.5 व न्यूनतम 28.5 डिग्री तापमान रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *