
गौरीगंज में आयोजित महोत्सव मे झूले का आनंद लेते बच्चे।
अमेठी सिटी। साल के पहले दिन से ही कोहरे व बदली के साथ बूंदाबांदी से परेशान लोगों को रविवार को राहत मिली। सात दिन बाद रविवार को सूर्य देव ने खुलकर दर्शन दिए तो लोगों को ठंड से राहत मिली। छत, पार्क व लॉन में महिलाएं धूप का आनंद लेती दिखीं, तो बाजारों में चहल-पहल आम दिनों से अधिक रही। हालांकि, मौसम साफ होने से कोहरे के राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। साथ ही शीत हवाओं ने गलन का एहसास अभी बरकरार रखा है।
नए साल के पहले दिन से ही जिले में कड़ाके की ठंड जारी है, लेकिन रविवार को मौसम में बदलाव दिखा। सुबह करीब दस बजे सूर्य देव के दर्शन होने से लोगों को राहत मिली। धूप खुली तो महिलाएं कपड़ा सुखाने के साथ छत व लॉन के साथ पार्कों में परिवार संग आनंद लेने पहुंचीं। कई दिनों से बाजारों में दिख रहा सन्नाटा भी समाप्त हुआ। घर से निकली महिलाओं व बच्चों ने आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी की।
गौरीगंज शहर के रणंजय इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे गौरीगंज महोत्सव लोगों से गुलजार हो गया। बच्चों ने विभिन्न झूलों का आनंद लिया तो महिलाओं ने खरीदारी की। हालांकि, धूप के बावजूद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को गलन का एहसास कराया। उधर, रात में पाला पड़ने से आलू की फसल को नुकसान होने की आशंका है। गेहूं की फसल को भी आंशिक नुकसान होने की बात कही जा रही है। किसान रामशरण, बृजकिशोर, श्याम प्रकाश व सरयू प्रसाद का कहना है कि तीन-चार दिन ऐसे ही मौसम रहा तो लोगों को ठंड से काफी राहत मिलेगी।
फसलों के लिए फायंदेमंद है मौसम
जनवरी माह में सर्दी चरम पर है। फसलों व सब्जियों के लिए यह मौसम काफी अनुकूल बना हुआ है। कृषि विशेषज्ञों की मानें तो गेहूं व सरसों की फसल के लिए यह मौसम काफी लाभदायक है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरके आनंद ने बताया कि यह मौसम सभी प्रकार की फसलों व सब्जियों के लिए काफी राहत भरा है। गेहूं की पौध जल्द वृद्धि करेगी और पैदावार भी अच्छी होगी। फिलहाल गेहूं को छह से 20 डिग्री तक का तापमान चाहिए। दिन में धूप रहती है और रात को तापमान कम रहता है और सुबह ओस भी बढ़ रही है, जो गेहूं के लिए काफी फायदेमंद है।
कोहरे से राहत की उम्मीद नहीं
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के कृषि वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 21.0 व न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 95 प्रतिशत व न्यूनतम 57 प्रतिशत रही। दो से पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। आगामी 24 घंटे में सुबह के समय हल्के बादल व कोहरा छाए रहने की संभावना है। सामान्य गति से पछुआ हवा चलने के आसार हैं।