गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्वकप में भारत को मिली शानदार जीत का जश्न पूरे देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी मनाया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न शहरों-नगरों में लोग सड़कों पर उतर भारत की जीत का जश्न मना रहे हैं। भारत के तीन बार और लगातार दूसरी बार विजेता बनने पर लोगों में उत्साह और जश्न का माहौल है। 

भारत द्वारा न्यूजीलैंड को हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने के बाद, लोग एक-दूसरे को मिठाई खिला रहे हैं और एक-दूसरे को गुलाल लगा रहे हैं। मुरादाबाद में लोगों ने ‘पूरब हो या पश्चिम, भारत ही सर्वश्रेष्ठ है’ के नारे लगाए। 

प्रयागराज में भी लोगों ने भारत की जीत का जमकर जश्न मनाया। मैच खत्म होते ही लोग घरों से सड़कों पर निकल आए और नाच-गाकर भारत की जीत पर अपनी खुशी का इजहार किया। लोगों ने खुशी में पटाखे फोड़े और देश के विश्व चैंपियन बनने पर एक-दूसरे को बधाई दी।

कानपुर में जीत का उत्साह

टी-20 क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश के साथ कानपुर में भी जश्न का माहौल छा गया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के लगातार दूसरी बार खिताब जीतते ही शहर में उत्सव जैसा वातावरण बन गया। होली की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि सड़कों पर दिवाली जैसा नजारा दिखाई देने लगा। 

रविवार देर रात शहर के गोविंद नगर, किदवई नगर, सिविल लाइंस, तिलक नगर, हर्ष नगर, शास्त्री नगर, बर्रा, फूलबाग समेत शहर के क्षेत्रों में लोगों ने आतिशबाजी कर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाया। युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और हम हैं विश्व चैंपियन के नारे लगाए। शास्त्री नगर, फूलबाग समेत कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों ने फाइनल मुकाबले का सामूहिक आनंद लिया। दिन में मंदिरों में भी टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गई थीं।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *