मुगल बादशाह शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स 15 से 17 जनवरी तक मनाया जाएगा। उर्स के दूसरे दिन 16 जनवरी को शुक्रवार है। शुक्रवार को ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद रहता है, लेकिन उर्स के चलते इस बार शुक्रवार को ताजमहल खुला रहेगा। शुक्रवार को ताजमहल के दरवाजे सामान्य पर्यटकों और जायरीनों के लिए दोपहर 2 बजे से खुलेंगे। वहीं, जुमे की नमाज अदा करने वाले स्थानीय नमाजियों को दोपहर 12:30 बजे से ही स्मारक के अंदर प्रवेश मिलना शुरू हो जाएगा।
परंपरा के अनुसार, उर्स के दौरान निश्चित समय के लिए पर्यटकों और जायरीनों का प्रवेश निशुल्क रहता है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की अधीक्षण पुरातत्वविद स्मिता कुमार ने उर्स में प्रवेश की अधिसूचना जारी की है। इसके मुताबिक 15 और 16 जनवरी को दोपहर 2 बजे के बाद स्मारक में फ्री प्रवेश मिलेगा, जबकि उर्स के आखिरी दिन 17 जनवरी को सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रवेश निशुल्क रहेगा। इन तीन दिनों में एक से डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
तहखाने में मौजूद असली कब्रें देख सकेंगे
ताजमहल में शाहजहां और मुमताज की तहखाने में मौजूद असली कब्रों को इन तीन दिनों में ही देखा जा सकता है। मकबरे में प्रवेश द्वार के पास ही तहखाने में जाने के लिए सीढि़यां हैं, जहां उर्स के तीनों दिन असली कब्रों को देखने का मौका मिलता है। तहखाने में ज्यादा भीड़ न हो, इसलिए कतार के जरिये ही प्रवेश दिया जाएगा।