
गौरीगंज के माधवपुर स्कूल में सोमवार को नामांकन महाभियान में बच्चों का तिलक लगा स्वागत करतीं श
परिषदीय स्कूलों में शुरू हुआ नामांकन महाभियान, पहले दिन बच्चों का चंदन का तिलक लगा किया स्वागत
सर्वाधिक नामांकन करने वाले प्रत्येक ब्लॉक के तीन स्कूलों के शिक्षक होंगे सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसीअमेठी सिटी। परिषदीय स्कूलों में सोमवार से दो दिवसीय नामांकन महाभियान का शुभारंभ हुआ। शैक्षिक सत्र में दस हजार नवीन बच्चों के प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित हुआ है। प्रत्येक ब्लॉक में सर्वाधिक नामांकन करने वाले तीन-तीन स्कूलों के शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
छह साल की आयु पूरी करने वाला कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न हो, इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग डोर-टू-डोर संपर्क अभियान एक अप्रैल से संचालित कर रहा है। इसी बीच बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले में दस हजार नवीन बच्चों के प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सोमवार से दो दिवसीय नामांकन महा अभियान शुरू किया।
अभियान के पहले दिन स्कूल पहुंचे बच्चों का चंदन का तिलक लगा स्वागत किया गया। अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। गौरीगंज के प्राथमिक विद्यालय माधवपुर में शिक्षिका ने बच्चों संग मोबाइल में सेल्फी खींच कर अभिभावकों को भेजा। सारीपुर में शिक्षिका पूर्णिमा तिवारी के संग शिक्षक गांव पहुंचे। घर पहुंचे अभिभावकों से संपर्क करने के बाद छह वर्ष आयु के सभी बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की। महाअभियान में सभी स्कूल के शिक्षक सोमवार से सक्रिय रूप से नामांकन करने की कोशिश में जुटे रहे।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण ने बताया कि नामांकन लक्ष्य पूरा करने के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है। एक अप्रैल से नवीन सत्र में अब तक नामांकन की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। ऐसे में महा अभियान को प्रतियोगिता का रूप दिया गया है। बताया कि प्रत्येक दशा में निर्धारित नामांकन लक्ष्य मंगलवार तक पूरा किया जाएगा।
सम्मानित किए जाएंगे शिक्षक
बीएसए संजय कुमार तिवारी ने बताया कि नवीन नामांकन संतोषजनक नहीं है। नामांकन में वृद्धि हेतु 15 और 16 अप्रैल को समस्त विद्यालयों में नामांकन महाअभियान चलाया जा रहा है। इस महाअभियान में 10,000 नवीन नामांकन का लक्ष्य रखा गया है । इस अभियान में सभी ब्लॉक से सबसे अधिक नामांकन करने वाले तीन विद्यालयों को जनपद स्तर से सम्मानित किया जाएगा। कहा कि नामांकन में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
