
24 फरवरी को मानव ने की थी खुदकुशी
24 फरवरी की सुबह डिफेंस कॉलोनी निवासी मानव शर्मा ने आत्महत्या कर ली थी। वह मुंबई में तैनात थे। परिवार के लोगों को आरोप है कि पत्नी निकिता के शादी से पहले के संबंधों के बारे में जानकारी से मानव तनाव में था। 27 फरवरी को उनका एक वीडियो सामने आया था। यह आत्महत्या से पहले बनाया गया था। मानव के परिजन ने थाना सदर में मृतक की पत्नी, सास, ससुर और साली के खिलाफ केस दर्ज कराया था। 13 मार्च पुलिस ने आरोपी सास और साली को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
आखिरी बार पत्नी से ही बात कर रहा था मानव
बीते शुक्रवार रात को गुजरात से पत्नी और ससुर को भी गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ की गई। इसके बाद जेल भेज दिया गया। निकिता के मोबाइल में मानव से हुई बातचीत से संबंधित चैट थी। आखिरी बार भी वह मोबाइल पर पत्नी से ही बात कर रहा था। रात में अपनी बहन आकांक्षा से भी बात की थी। एसीपी सदर विनायक भोसले ने बताया कि निकिता के मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस लगी है। रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में जल्द प्रार्थना पत्र भी देंगे।
इसके अलावा निकिता के घर के बाहर भी एक जगह पर कैमरा लगा था। इसमें शाम 7:30 बजे मानव घर में जाते नजर आए। रात 8:30 बजे निकल गए। कुल डेढ़ घंटे तक रुके थे। इसी तरह पुलिस के पास मानव के मोबाइल में मिला वीडियो भी है, जिसमें वो आत्महत्या करते नजर आ रहे हैं। इसमें उनका मृत्यु पूर्व बयान है। इसके अलावा मानव के माता-पिता, बहन और चाची भी महत्वपूर्ण गवाह हैं।