मध्य प्रदेश के किशोर की बरेली के बिशारगंज कस्बे में हत्या कर दी गई। अलीगंज-आंवला मार्ग किनारे लोहारी गांव के पास सोमवार सुबह उसका शव खाई में मिला। उसके हाथ पीछे बंधे हुए थे। बाजार में अवैध वसूली करने वाले ठेकेदारों पर हत्या का आरोप लग रहा है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
मध्य प्रदेश के जिला देवास के थाना चौबारा के गांव बीसाखेड़ी निवासी असिन राज (16 वर्ष) अपने कुनबे के अन्य लोगों के साथ बरेली जंक्शन के पास झोपड़ी डालकर रहता था। बाजारों व गांवों में फेरी लगाकर वह माला और मूर्ति बेचता था। रविवार को वह अलीगंज थाना क्षेत्र के गैनी साप्ताहिक बाजार में माला व मूर्ति बेचने गया था।
असिन के चचेरे भाई शेखर ने बताया कि शाम चार बजे असिन बाजार में पकौड़ी खाने जाने की बात कहकर निकला था, काफी देर तक वह नहीं लौटा। सोमवार सुबह वह लोग असिन की तलाश करते हुए अलीगंज की तरफ गए तो अलीगंज-आंवला मार्ग किनारे खाई में उसका शव मिला।
