लखनऊ। राजधानी में रात का पारा 25 डिग्री के नीचे आ गया है। इसके साथ ही डेंगू के लार्वा दम तोड़ने लगे हैं। कई जगह मृत लार्वा मिलने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि, सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के मुताबिक इस महीने डेंगू पीक पर रहेगा। ऐसे में लापरवाही न बरतें।
सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि बारिश बंद है। ऐसे में जलभराव न होने से भी लार्वा नहीं पनप पा रहे हैं। कुछ दिनों से इंदिरानगर, अलीगंज, आलमबाग से मिलने वाले लार्वा में आधे मृत पाए गए, लेकिन अब भी अलर्ट रहने की जरूरत है। नवंबर से डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया के केस कम होंगे।
25 डिग्री के नीचे पारा आने पर मरने लगता है लार्वा
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण ने बताया कि तापमान 25 डिग्री से नीचे आने पर लार्वा मरने लगता है। रात का पारा इससे कम हुआ है। इस कारण कई जगह लार्वा मृत मिले हैं। सोमवार रात पारा 21.2 डिग्री रहा।
डेंगू के 61 नए मरीजों में 33 पॉश इलाकों के
शहर के पॉश इलाकों में डेंगू का डंक तेज है। मंगलवार को मिले 61 नए मरीजों में से 33 इन क्षेत्रों के हैं। कई मरीज भर्ती हैं। सीएमओ के प्रवक्ता योगेश ने बताया कि अलीगंज में नौ, इंदिरानगर, आलमबाग, सिल्वर जुबिली इलाके में आठ-आठ मरीज मिले हैं। एनके रोड इलाके से पांच, चिनहट 2, रेडक्रॉस, टुड़ियागंज, ऐशबाग और बीकेटी से चार-चार, सरोजनीनगर से तीन, चिनहट से दो व मलिहाबाद, माल से एक-एक केस मिला। मच्छर पनपने की स्थितियां मिलने पर आठ घरों को नोटिस जारी किया गया।
उधर, मलेरिया के सात नए मरीज मिले हैं।
