झांसी। तालपुरा समेत आसपास के इलाके में जलापूर्ति बेहतर करने के लिए पानी की टंकियों को दो अलग-अलग भूमिगत जलाशयों से जोड़ा जाएगा। अभी यह टंकी एक भूमिगत जलाशय पर निर्भर थी। आबादी के लिहाज से यह नाकाफी साबित होती थी। जल संस्थान अफसरों का कहना है कि दो भूमिगत जलाशयों से ओवरहेड टैंक के जुड़ जाने से जलापूर्ति में सुधार होगा।

अमृत कार्यक्रम के तहत झांसी पुनर्गठन पेयजल योजना के जरिये जल संस्थान परिसर में 626 किलोलीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय का निर्माण कराया गया है। इस नए रिजर्व वाटर टैंक को जल संस्थान परिसर स्थित दो ओवरहेड टैंक से जोड़ा जाएगा। अभी इन ओवरहेड टैंक से तालपुरा, कपूर टेकरी, हेवट मार्केट, ओरछा गेट बाहर, बैंक कॉलोनी, अखाड़ा मोहल्ला, शिवाजी नगर एवं नारायण बाग को जलापूर्ति होती है। करीब दस हजार आबादी होने से ये ओवरहेड टैंक जल्दी खाली हो जाते हैं। रिजर्व वाटर टैंक भी दोबारा से नहीं भर पाता। इस वजह से इन मोहल्लों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहती है लेकिन अब इन दोनों ओवरहेड टैंक को नए रिजर्व वाटर टैंक से भी जोड़ दिया जाएगा। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता उमेश प्रसाद के मुताबिक दोनों रिजर्व वाटर टैंक से जुड़ जाने से जलापूर्ति बेहतर हो सकेगी।

इनसेट

इंटरकनेक्शन कार्य के चलते आज नहीं आएगा पानी

झांसी। जल संस्थान परिसर स्थित रिजर्व वाटर टैंक को ओवरहेड टैंक से जोड़ने के लिए शनिवार को इंटरकनेक्शन कार्य कराया जाएगा। जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश पाल सिंह के मुताबिक इंटरकनेक्शन कार्य की वजह से शनिवार को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। उनकी ओर से पानी के वैकल्पिक इंतजाम करके रखने की अपील की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें