संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Thu, 15 Aug 2024 03:02 AM IST

पटियाली। कस्बा भरगैन में मंगलवार को दो पक्षों में हुए संघर्ष व फायरिंग के बाद कस्बा में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था हेतु गांव में पीएसी व पुलिस बल तैनात है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कई लोगों को हिरासत में लिया है। भरगैन के मोहल्ला भीकन थोक में मंगलवार को जमीन के विवाद में अरबाज खान एवं पप्पू पक्ष में झगड़ा हो गया था। इस संघर्ष में जमकर पथराव हुआ, लाठी-डंडा चले। इसके साथ ही जमकर फायरिंग भी हुई। इस संघर्ष में अरबाज खान पुत्र एहसाद खान व पप्पू पुत्र तकी आलम घायल हो गए थे। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें एक पक्ष के अरबाज खान ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को वह अपने घर से नानी के घर जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष से मोहम्मद हसन उर्फ चुन्ना, पप्पू, जावेद, जैनुल उर्फ टुड्डा, आरिफ, सहबुल, मजरुल हसन, सोहिल, अब्दुल्ला ने उसके घर पर धावा बोल दिया। जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। ईंट-पत्थर भी बरसाए। वहीं दूसरे पक्ष के पप्पू का कहना है कि कपड़ा मार्केट में उसकी चाय की दुकान है। मंगलवार को वह अपनी चाय की दुकान पर था। इसी दौरान जाबिर, शाहिद, एहसाद, टिंकू उर्फ आरिफ, अनवार, अरबाज आदि ने जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज की। जब विरोध किया तो ईंट-पत्थर मारने लगे। फिर फायरिंग कर दी। इससे वहां बाजार में भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी दुकानें भागने लगे। इसमें पत्थर लगने से वह घायल भी हो गया। दोनों पक्षों द्वारा क्रॉस मुकदमा दर्ज कराने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपी पप्पू और अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। कस्बा में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल व पीएसी तैनात है।
