उरई। कालपी विधानसभा क्षेत्र के मंगरौल के मजरा बसानताल को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को लंबे इंतजार के बाद मंजूरी मिल गई है। शासन की ओर से 2.75 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को 2.13 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के इतने वर्षों बाद अब पहली बार उनके गांव तक पक्की सड़क बनेगी।
बसानताल को जोड़ने वाली यह सड़क वर्षों से कच्ची ही पड़ी थी। बारिश के मौसम में हालात इतने खराब हो जाते थे कि पैदल चलना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता था। जगह-जगह घुटनों तक कीचड़ भर जाता था और फिसलन के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो जाते थे। किसी गर्भवती महिला या गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में ग्रामीणों को चारपाई का सहारा लेना पड़ता था। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक अपनी पीड़ा बताई लेकिन मंजूरी नहीं मिल पा रही थी। बरसात से पहले ग्रामीणों ने भारी संख्या में डीएम राजेश कुमार पांडेय से मिलकर समस्या रखी थी।
डीएम ने तुरंत संज्ञान लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सड़क का स्टीमेट बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। विभाग ने प्रस्ताव भेजा और अब शासन से मंजूरी मिलने पर ग्रामीणों की वर्षों की उम्मीदें पूरी होने जा रही हैं। सड़क बन जाने से बसानताल सहित आसपास के खेतों और घरों तक पहुंच आसान होगी। वहीं बच्चों का स्कूल आना-जाना सुगम होगा। आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल अस्पताल ले जाना संभव हो सकेगा। गांव के करीब एक हजार से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
अब लगता है कि गांव की वर्षों पुरानी समस्या सच में खत्म होने वाली है। कीचड़ और फिसलन में चलते-चलते लोग परेशान हो चुके थे। पक्की सड़क बन जाने के बाद आधी परेशानियां दूर हो जाएंगी। यह फैसला ग्रामीणों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। – राजेश गौतम
बरसात के दिनों में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता था। बच्चों का स्कूल जाना प्रभावित होता था और बीमारों को चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ता था। यह सड़क हमारी जिंदगी को काफी आसान बना देगी। पूरे गांव को इसका सीधा लाभ मिलेगा। – सीताराम पाल
शासन ने सड़क को मंजूरी दे दी है। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। – अनिल कुमार, जेई पीडब्ल्यूडी।
