कदौरा। मंदिर के पास स्थित जंगल में बृहस्पतिवार की देर शाम सेवादार का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने बताया कि वह बीमारी से परेशान थे और 15 दिन पहले मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। पुलिस जांच में जुटी है।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजघाट निवासी ज्योति कमल (55) का शव बृहस्पतिवार की देर शाम कदौरा थाना क्षेत्र के इकौना गांव के पास स्थित शिवमंदिर (दानी बाबा आश्रम) के पास जंगल में लगे पेड़ से लटका मिला। .शव मिलने की जानकारी पर सीओ एके सिंह थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। ज्योति के भाई राज कमल गुप्ता ने बताया कि उनकी शादी नहीं हुई थी। उन्हें बवासीर की बीमारी थी, इससे वह बहुत परेशान थे। किसी ने उन्हें बताया था कि मंदिर में बवासीर का रोग ठीक हो जाता है। इस पर वह करीब 15 दिन पहले मंदिर में आ गए थे और वहीं पर सेवादार के रूप में रह रहे थे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बीमारी के कारण ही सेवादार ने आत्महत्या की है। सीओ एके सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
