– पुलिस भर्ती परीक्षा की वजह से बुंदेलखंड विवि ने बढ़ाई तिथि
– कुलसचिव बोले, दूसरे चरण की काउंसलिंग यथावत रहेगी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुलिस भर्ती परीक्षा की वजह से बीएड की शनिवार (24 अगस्त) को खत्म होने वाली पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया पांच सितंबर को पूरी होगी। ये फैसला शासन की अनुमति पर शुक्रवार शाम बुंदेलखंड विवि प्रशासन ने लिया। वहीं, दूसरे चरण की काउंसलिंग के ऑनलाइन पंजीकरण 25 अगस्त को ही होंगे।
शुक्रवार से प्रदेशभर में पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू हो गई, जो 31 अगस्त को पूरी होगी। प्रदेश के कई कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस वजह से कॉलेजों में बीएड दाखिले की सीट कंफर्मेशन, फीस जमा करने व अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड होने का काम बंद हो गया है।
बताते हैं कि प्रदेश के तमाम कॉलेजों ने बीयू प्रशासन से फीस जमा करके दाखिला देने में आ रही दिक्कतों से अवगत कराते हुए तिथि बढ़ाने की मांग की। बीयू कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि शासन से अनुमति मिलने पर पहले चरण का काउंसलिंग में भाग करने वाले विद्यार्थी पांच सितंबर तक सीट कंफर्म कराकर फीस जमा करके दाखिला ले सकेंगे।
