अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बरुआसागर के गणेशपुरा मोहल्ला निवासी परमानंद (35) पुत्र धनीराम कुशवाहा ने पत्नी से विवाद के बाद जहर निगलकर जान दे दी। पत्नी के पास रखे दो सौ रुपये चोरी कर वह शराब पी गया था। दोनों के बीच विवाद हुआ था। अचेत हाल में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। गणेशपुरा निवासी परमानंद उर्फ भल्लू खेती-किसानी करता था। परिजनों का कहना है कि शराब की बुरी लत के चलते उसने पूरी जमीन बेच डाली। इस वजह से अब बंटाई पर खेती करता था। शराब की लत कम नहीं हुई। घर के बर्तन भी बेच देता था। इसे लेकर पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। पत्नी रेखा के मुताबिक, उसकी पायल एवं बिछिया भी बेच दी। उसने अपने बच्चों के लिए कुछ पैसे भल्लू से छुपाकर रखे थे। शुक्रवार शाम भल्लू इसे भी चुरा ले गया। इस पैसे से शराब पी गया। घर लौटने पर पत्नी से झगड़ा हुआ। नाराज होकर भल्लू बाहर चला गया। रात में लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ गई। भल्लू ने बताया कि उसने जहर निगल लिया है। घबराकर परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां भी डॉक्टरों ने उसके जहर निगलने की पुष्टि की। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। इस संबंध में नवाबाद थाना प्रभारी जेपी पाल के मुताबिक, प्रारंभिक छानबीन में घरेलू विवाद की बात सामने आई है।
