झांसी। महानगर के बहुचर्चित चिकित्सक गुरुबख्शानी के अपहरण मामले में विचाराधीन मुकदमे में कई तारीखों पर विवेचक के उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय द्वारा सख्त रुख अख्तियार करते हुए एसएसपी अयोध्या को विवेचक का वेतन रोके जाने के लिए पत्र भेजा गया है।
संगम बिहार कालोनी निवासी चिकित्सक आरके गुरुबख्शानी का अपहरण 29 जनवरी 2021 को तड़के साढ़े चार बजे शिवपुरी -कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से किया गया था। इसकी रिपोर्ट उनकी पत्नी जयश्री गुरुबख्शानी ने थाना सीपरी बाजार में दर्ज कराई थी। अपहरणकर्ताओं ने डॉ. गुरुबख्शानी से दो करोड़ रुपये फिरौती की मांग की थी, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं हो सके और जनपद भिंड (मध्य प्रदेश) की पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था।
पकड़े गए अभियुक्त राजवीर गुर्जर, पुष्पेंद्र गुर्जर, रामलखन गुर्जर, बादाम सिंह यादव, कृष्णा जाटव के खिलाफ विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावित क्षेत्र) पवन कुमार शर्मा के न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। विशेष अधिवक्ता विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि उक्त मुकदमे में विवेचक देवेंद्र सिंह वर्तमान में जनपद अयोध्या के थाना पूरा कलंदर में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। ब्यूरो
