चकरनगर। सहसों स्थित चंबल किनारे ऐतिहासिक सिद्धनाथ मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दंगल के प्रथम दिन पहलवानों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भरतपुर के चित्रा पहलवान का पंजाब के शेरू पहलवान ने एक-दूसरे को हराने के लिए कई दांव-पेच लगाए लेकिन आखिर में यह मुकाबला बराबरी पर पूरा हुआ।
दंगल में यूपी, एमपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने दमदार दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। महिला पहलवान विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। दिल्ली की वैशाली ने गोरखपुर की अंजली को तथा दिल्ली की महिला पहलवान हनी ने गोरखपुर की सत्या को पराजित किया।
रुपापुर के रामजी ने बटेश्वर के पवन को, फिरोजाबाद के नीरज ने मिटहटी के शिवा को, जालौन के भूपेंद्र ने कानपुर के भीम को, उमरैन के किशनपाल ने घाटमपुर के सोनू को, फिरोजाबाद के गुलशन ने नौधा के अरुण को पटखनी दी। इसी तरह अलीगढ के सुधीर ने उन्नाव के उमरैन को, भिंड के शनि ने डीडी के नितीश को, फिरोजाबाद के शनि ने अकबरपुर के गुड्डू को, मिटहटी के आशु यादव ने फिरोजाबाद के बोबी को हराया। महिला पहलवान दिल्ली की वैशाली ने गोरखपुर की अंजली को दिल्ली की हनी ने गोरखपुर की सत्या को पराजित किया।
इस मौके पर राजेश चौहान, हरनाथ सिंह कुशवाह, सज्जन राजावत, वैभव मिश्रा, योगेंद्र चौहान मेला आयोजक आलोक दुबे, राममहेश दुबे, अरविंद तिवारी, अवनीश तिवारी, अखिल तिवारी, योगेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, गुलशन दोहरे आदि मौजूद रहे।
