
दुकान का कटा हुआ शटर
– फोटो : संवाद
विस्तार
हाथरस सदर कोतवाली से लगभग 100 मीटर दूर स्थित रामलीला मैदान के पास 5 जनवरी रात श्री बाजार में चोरों ने कपड़े (रेडीमेड गारमेंट) एवं सौंदर्य प्रसाधन उत्पादों की दुकान को निशाना बनाया। दुकान का शटर काटकर दो लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर कर चोर फरार हो गए। इस घटना से पुलिस गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नवल नगर थाना हाथरस गेट निवासी मनोज कुमार की सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के श्री बाजार में आकर्षण फैशन शॉप नाम से रेडीमेड कपड़ों व कॉस्मेटिक की दुकान है। मनोज कुमार ने बताया कि रोजाना की तरह वह शुक्रवार की शाम अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात में अज्ञात चोरों ने ग्राइंडर से दुकान का शटर काटकर दुकान में रखे करीब दो लाख रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया।पड़ोसियों ने शनिवार की सुबह मनोज कुमार को दुकान में चोरी होने की सूचना दी। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पुलिस टीम, श्वान दस्ता व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
दुकान के सामने लगे मीटर के तारों जोड़कर चलाया ग्राइंडर
घटना को अंजाम देते समय चोर पूरी तरह से बेखौफ थे। चोरों ने दुकान के सामने लगे मीटर से निकले तारों को छीला। इन तारों को जोड़कर ग्राइंडर को चालू किया और दुकान का शटर काटा। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक व्यक्ति ग्राइंडर से कटर काटता दिखाई दे रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बतया कि पुलिस को मौके से ग्राइंडर के ब्लेड के टुकड़े भी बरामद हुए हैं।

बीच बाजार चोरी से व्यापरियों में गुस्सा
शहर में सदर कोतवाली के पास कपड़े दुकान का शटर काटकर चोरी से व्यापरियों में दहशत है। व्यपारियों का कहना है कि यह इलाका सुरक्षित इलाकों में गिना जाता है। यहां पुलिस की गश्त भी रहती है। चौकीदार भी रहते हैं। यहां चोरी हो सकती है तो चोर किसी भी इलाके में चोरी कर सकते हैं।
कई संदिग्ध हिरासत में, खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें बनाईं
हाथरस पुलिस कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। दुकानदार मनोज कुमार अग्रवाल के अनुसार एक व्यक्ति ने शटर काटा है, उसके अन्य साथी भी आसपास ही रहे होंगे। माल चोरी करने के बाद सभी भाग गए होंगे। पुलिस टीमें मामले की छानबीन में जुट गई हैं। पुलिस टीमें संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही हैं। एएसपी हाथरस अशोक कुमार ने बाताया कि रामलीला मैदान के निकट श्री मार्केट में दुकान में चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
