संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। रबी फसलों की बोआई तेज हो गई है। किसान जरूरतें पूरी करने के लिए उपज बेच रहे हैं। सोमवार को मंडी में 26 हजार क्विंटल अनाज की आवक हुई। परिसर में एक सड़क पूरी तरह जाम हो गई। दूसरे मार्ग से वाहनों को निकाला गया। किसानों को दुकानों तक पहुंचने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग गया।

शनिवार व रविवार को नवीन गल्ला मंडी बंद रहने से सोमवार को बंपर आवक हुई। सुबह से ही अनाज लदे वाहन आने लगे। 11 बजे मंडी परिसर अनाज व वाहनों से भर गया। 11 बजे के बाद पहुंचे वाहनों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया।

व्यापारियों के अनुसार मंडी में 25 से 26 हजार क्विंटल उपज की आवक हुई। अब तक जहां 50 फीसदी उपज में मूंगफली रहती थी, वहीं क्रय केंद्र जल्द खुलने की सूचना से इसकी आवक 40 फीसदी रही। लगभग 10 हजार क्विंटल मूंगफली की आवक हुई। यह 3800 से 4600 रुपये प्रति क्विंटल में बिकी। वहीं, पांच हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक हुई, जो चार हजार से 4200 रुपये तक खरीदी गई। गेहूं भी लगभग दो हजार क्विंटल आया, जो 2775 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदा गया। उड़द, मसूर, मटर आदि उपज भी आई।

यह रही मंडी में कीमत

फसल – दाम

मूंगफली – 3800 – 4600

सोयाबीन – 4000 – 4200

गेहूं – 2750 – 2800

उड़द – 5000 – 7700

मसूर – 5800 – 6000

मटर – 3300 – 3500



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *