जिला पंचायत की बैठक में सदस्यों ने जांच की मांग उठाई, कई प्रस्तावों पर लगी मुहर

Trending Videos

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। छह महीने बाद बृहस्पतिवार को हुई जिला पंचायत की बैठक में सदस्यों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। कहा कि कामों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कुछ ही समय में सड़क, नाली और ड्रेन कवर क्षतिग्रस्त हो जा रहे हैं। मामले की जांच की भी मांग उठाई। बैठक में 62.94 करोड़ के बजट पर मुहर लगी।

बैठक में सपा जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य बृजेंद्र यादव ने कहा कि गांवों में लगी एलईडी सुधरी नहीं हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कहा कि एक महीने में लाइटें सुधरवा दी जाएंगी वरना फर्म को काली सूची में डाल दिया जाएगा। बृजेंद्र ने कहा कि सदस्यों के क्षेत्र में कितने काम हुए हैं, कितने स्वीकृत हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए। पिछली बार गलत सूची दे दी थी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अभियंता का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बैठक में कई सदस्य कामों की सूची देने पर अड़ गए। अध्यक्ष ने कहा कि 15 दिन में सूची मिल जाएगी। जिला पंचायत सदस्य विवेक राजपूत ने कहा कि पिछली बैठक में जो मुद्दे उठाए थे, उसे एजेंडा की कॉपी में शामिल ही नहीं किया गया है। ये सरासर गलत है।

वहीं, जिला पंचायत सदस्य रजनी गौतम ने कहा कि अधिकारी क्षेत्र में कार्य करवाने से पहले सदस्य से पूछते तक नहीं हैं। कुछ समय पहले ही क्षेत्र में नाली पर लगाए गए ड्रेन कवर टूटने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य रजनी विनोद अहिरवार ने कहा कि उनके वार्ड 17 स्यावरी में स्यावनी और कोटरा गांव में सड़कों का निर्माण गुणवत्ताहीन और मानकविहीन हुआ है। इसकी जांच कराई जाए। तब तक भुगतान न किया जाए। जिला पंचायत सदस्य नेहा निरंजन के प्रतिनिधि जितेंद्र ने भी कहा कि गुणवत्ताहीन काम हो रहे हैं। वहीं, बैठक में बजट पास होने के साथ ही कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। इसमें आठ सड़कों को गड्ढामुक्त करने, श्रम बजट में कृषि संबंधी 6514 कार्य व 2321 अन्य कार्य, ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवसाय करने वाले व्यवसाइयों, फर्मों, ठेकेदारों पर वर्ष 2024-25 में आरोपित संपत्ति और विभव कर में वृद्धि, ग्रामीण क्षेत्रांतर्गत प्रचलित ठेकेदारी पंजीयन की प्रभावी लाइसेंस शुल्क की दरों में वृद्धि का प्रस्ताव पास हुआ। संचालन अपर मुख्य अधिकारी इं. वारिस अली ने किया।

सदस्यों ने ये मांगें उठाईं

सदस्य अजय सिंह अतरौली ने सेरिया और खैलार की सड़क के निर्माण की मांग की।

जालौन सांसद के प्रतिनिधि विश्वप्रताप सिंह यादव ने कहा कि क्षेत्रों में बने श्मशान घाट कुछ ही समय में जर्जर होने लगे हैं।

सदस्य विवेक राजपूत ने कहा कि जिला पंचायत के दो ट्रैक्टर और छह टैंकरों की मरम्मत कराकर जनहित में उपयोग में लाया जाए।

सदस्य रश्मि अहिरवार ने ककवारा से बिहाना, पुराने भरपुरा से रोरा स्टेशन, बम्हौरी में पुलिया निर्माण व पिचिंग, इटायल में कार्तिका घाट व गड़किया घाट आदि निर्माण की मांग की।

सदस्यों के शैक्षणिक टूर पर जाने में फंसा पेच

जिला पंचायत सदस्यों के शैक्षणिक टूर पर जाने में पेच फंस गया है। बैठक में जब अध्यक्ष ने पूछा कि क्या जिला निधि से सदस्यों को शैक्षणिक टूर पर भेजा जा सकता है। इस पर एएमए ने इन्कार कर दिया। एएमए ने कहा कि शैक्षणिक टूर से संबंधित प्रस्ताव शासन को पत्र भेजा है।

सदस्य के समर्थन में उतरे प्रतिनिधि बोले-विधायक चुप नहीं करा सकतीं

जिला पंचायत की बैठक में टकराव की भी नौबत आ गई। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम और जिला पंचायत सदस्य विवेक राजपूत में बहस भी हो गई। अध्यक्ष ने सदस्य से कहा कि उनसे अनुमति लेने के बाद ही सवाल पूछें। दूसरे सदस्यों को भी बोलने का मौका दें। इस पर सदस्य ने कहा कि पूछकर बोलने का कौन सा नियम बना है। वह किसी को बोलने से रोक नहीं रहे हैं। अपने क्षेत्र के मुद्दे रख रहे हैं। इस पर मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्या ने भी सदस्य को टोका। इससे बैठक में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल हो गया। अंत में जब अध्यक्ष ने बैठक समाप्ति की घोषणा की तब जिला पंचायत सदस्य रजनी अहिरवार के प्रतिनिधि डॉ. विनोद अहिरवार, सदस्य विवेक के समर्थन में उतर आए। डॉ. विनोद ने कहा कि विधायक किसी सदस्य को चुप नहीं करा सकती हैं। सदस्य से कुछ कहना है तो अध्यक्ष कह सकते हैं। जिला पंचायत सदस्य जंग बहादुर सिंह भी विवेक के समर्थन में उतर आए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *