एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीते दो दिन हुई मूसलाधार बारिश से खरीफ की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उनसे एक सप्ताह में सर्वे रिपोर्ट मांगी गई है।
मंगलवार और बुधवार को जिले में मूसलाधार बारिश हुई। इससे जिले में कई स्थानों पर खेतों में पानी भर गया। खरीफ की फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों को उनकी खराब हुई फसलों का मुआवजा दिलाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिला कृषि अधिकारी और उप कृषि निदेशक को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि क्षति का आंकलन करते हुए मुआवजा वितरित किया जा सके। इसके अलावा डीएम ने कहा कि दैवी आपदा के अंतर्गत घटित होने वाली जनहानि, पशु हानि, मकान की क्षति आदि की भी स्थलीय जांच कर रिपोर्ट दी जाए, ताकि शासन के निर्देशानुसार राहत सहायता राशि का वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
समस्या हो तो फोन पर दें सूचना
जिलाधिकारी ने बताया कि यदि क्षेत्र में कोई समस्या हो तो तत्काल कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0510-2371100 और 2371199 पर सूचना दें।
जनप्रतिनिधियों ने मांगा मुआवजा
झांसी। सांसद अनुराग शर्मा ने झांसी और ललितपुर के जिलाधिकारियों को पत्र लिखे। इसके जरिये बताया कि झांसी और ललितपुर में अतिवृष्टि और जलप्लावन से तिलहन और दलहन की फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भरने से फसलों के सड़ने की संभावना है। ऐसे में फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। वहीं, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने डीएम को दिए पत्र में बताया कि भारी बारिश की वजह से क्षेत्र में दलहन और तिलहन की फसलें लगभग नष्ट हो गई हैं। खेतों में पानी भरा हुआ है। उन्होंने फसलों का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। ब्यूरो
