इटावा। घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच जिलाधिकारी ने गोदाम से सिलिंडर वितरण पर रोक लगा दी है। उन्होंने होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिए जाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही बुकिंग और वितरण की निगरानी प्रतिदिन किए जाने और उसकी रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा है।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में शनिवार को गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने जिलापूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी को होम डिलीवरी और ई-केवाईसी में तेजी लाने को कहा। जिले में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ अचानक मांग बढ़ने के कारण कुछ व्यावहारिक दिक्कतें हैं। वितरण प्रक्रिया की मॉनिटरिंग बुकिंग और वितरण के स्पष्ट डेटा के साथ हो।
वितरण के दौरान सीरियल नंबर का कड़ाई से पालन करें। जो उपभोक्ता अपने दिए गए पते पर उपलब्ध न हो उनका नाम सूची से हटा दें। निर्धारित दामों पर सिलिंडर दिया जाए, 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग मान्य होगी। जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं है वे जल्द करा लें।
