
पकड़ा गया बदमाश।
अमेठी सिटी। दो शातिर बदमाशों ने शुक्रवार को मोहनगंज इलाके से एक युवक का अपहरण कर इन्हौना इलाके में ले जाकर बंधक बना लिया। अगवा करने के बाद बदमाशों ने युवक के भाई से फोन के जरिए पांच लाख की फिरौती मांगी। रकम न मिलने पर अपहृत को जान से मारने की धमकी दी।
अपहृत युवक की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर मोहनगंज पुलिस ने घटना के 24 घंटे में युवक को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया। पुलिस ने एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
मोहनगंज इलाके के ढोढनपुर गांव निवासी जावेद को शुक्रवार की सुबह क्षेत्र के शाहमऊ बाजार से दो लोगों ने अगवा कर लिया था। असलहे के बल पर अगवा करने के बाद बदमाश जावेद को बाइक से अहोरवा भवानी, फिर इन्हौना के आजादपुर के पास ले गए। बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने जावेद के फोन से उसके भाई के फोन पर कॉल करके पांच लाख की फिरौती मांगने लगे।
धमकी दी कि यदि फिरौती की रकम नहीं मिली तो अपहृत को जान से भी मार देंगे। मामला जानकारी में आया तो पीड़ित के परिवार में कोहराम मच गया। मोहनगंज इंस्पेक्टर के मुताबिक, मामले में पीड़ित जावेद की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की गई। सर्विलांस व अन्य संसाधनों व उपायों से पता चला तो पुलिस टीम इन्हौना इलाके में पूरे भट्ठा मजरे आजादपुर के पास नहर पटरी पर घेराबंदी की गई।
पुलिस के मुताबिक, इस बीच एक बदमाश को दबोच लिया गया। दूसरा बदमाश बाइक से भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चांद गढ़ के पास बाइक व अपहृत युवक को छोड़ कर भाग निकला। बाइक के पास मिले व्यक्ति से पूछताछ की गई तो वह अपहृत जावेद निकला। जावेद को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान इन्हौना के पूरे भट्ठा मजरे आजादपुर निवासी हारून के रूप में हुई है। दूसरे साथी का नाम इमरान बताया है। तमंचा 315 बोर व एक कारतूस बरामद की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ऑटो चलाता था।
अगवा किए गए जावेद को सकुशल छुड़ाने वाली पुलिस टीम में मोहनगंज इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबिल अनिल सिंह, आरक्षी अमित कुमार, महिला आरक्षी पूनम सिंह शामिल थीं।
