फोटो 6 : लवेदी क्षेत्र के बसैयाहार गांव के मकान में गिरी अलमारी व बिखरा सामान। संवाद

बंद घर से चोरों ने नकदी-गहने पार किए

-लवेदी क्षेत्र के बसैयाहार गांव की घटना, पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुसे

– किसान अपने दूसरे मकान में थे तो पत्नी दामाद को देखने गई थी अस्पताल

संवाद न्यूज़ एजेंसी

लवेदी। क्षेत्र के बसैयाहार गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। चोरों ने दो कमरों में अलमारियों से लाखों कीमत के गहने और नकदी निकाल ली। इस दौरान अलमारी गिर गई लेकिन उसकी आवाज से भी किसी को चोरी का आभास नहीं हुआ। सुबह जब गृहस्वामी घर पर आए तो अलमारियों को गिरा देख कर घटना की जानकारी मिली। पुलिस की जांच में सामने आया कि चोर पड़ोसी की छत से नीचे उतरे थे।

बसैयाहार गांव निवासी महाराज सिंह अपनी पत्नी रामकांती के साथ इस मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी एक सप्ताह पूर्व अपने दामाद संजय पाठक की बीमारी का हाल जानने के लिए अजीतमल के अटसू चली गई थीं। बेटा राजीव तिवारी गुरुग्राम में नौकरी करता है। शनिवार को घर आने पर महाराज सिंह अपने पुराने मकान में ताला लगाकर दूसरे नए मकान में सोने चले गए।

इस दौरान चोर पड़ोसी की छत से महाराज सिंह के मकान में घुसे। चोरों ने मकान के दोनों ओर बने पड़ोसी मोनू तिवारी और प्रद्युम्न तिवारी के जीने की कुंडी भी लगा दी, जिससे कोई आ न सके। फिर नीचे उतरकर दो कमरों का ताला तोड़ा और उसमें रखी अलमारी खोलने लगे। लॉक तोड़ने के दौरान अलमारी गिर गई लेकिन किसी को घटना का एहसास नहीं हुआ। चोरों ने दीवान बेड भी खंगाला।

महाराज सिंह के अनुसार चोरों ने तीनों अलमारी में रखी सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, सोने की एक जोड़ी झुमकी, दो सोने की अंगूठियां, चांदी की तोड़ियां और 70 हजार रुपये पार कर दिए। सुबह गेट खोलने पर चोरी का पता चला। आसपास के लोगों और पुलिस को सूचित किया। मौके पर लवेदी थाना पुलिस और डॉग स्क्वॉड पहुंच गई। छानबीन की गई लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। थानाध्यक्ष प्रीति सेंगर ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *