
पीड़ित दरोगा ने दर्ज कराई एफआईआर।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
यूपी की राजधानी लखनऊ में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला दरोगा खुद ही उत्पीड़न का शिकार हो गई। खबर के अनुसार एक महिला दरोगा ने एक व्यक्ति पर उससे शादी करने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। दरोगा का आरोप है कि आरोपी उनकी फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। उसने बताया कि आरोपी उन्हें ब्लैकमेल कर रुपये भी हड़प चुका है। महिला थाना पुलिस ने ब्लैकमेलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पीड़िता के मुताबिक वह एक थाने में दरोगा के पद पर कार्यरत है। उनका आरोप है कि चार महीने से उन्हें प्रयागराज का हंडिया निवासी आयुषमान पांडेय कॉल कर परेशान कर रहा है। आरोपी उन पर दोस्ती करने या शादी करने का दबाव डाल रहा है।
87 नंबर कर चुकी ब्लॉक
महिला दरोगा के मुताबिक विरोध करने पर आरोपी अपनी फोटो उनकी तस्वीर के साथ एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता है। इतना ही नहीं पीड़िता ने जब आरोपी की कॉल रिसीव करनी छोड़ दी तो वह अलग-अलग नंबरों से कॉल करने लगा। ऐसे में महिला दरोगा ने कुल 87 नंबर ब्लॉक किए। इसके बावजूद आयुष्मान नहीं माना और उनके थाने में काम करने वाले पुलिसकर्मियों में गलत बातें फैलाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसकी नौकरी खा जाने और भाई को उसकी हत्या करने की धमकी दे रहा है। आयुष्मान बीते दो जुलाई को उसके थाने आया और उनसे दो लाख रुपये की मांग की। विरोध करने पर फिर धमकाया। महिला थाना इंस्पेक्टर मंजू पांडेय के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
