कासगंज/सोरोंजी। जिले में गोकशी के सनसनीखेज मामले सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। गोपाष्टमी के दिन सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर बरबारा इलाके में गोवंश के अवशेष मिले। इसकों लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर रिपोर्ट दर्ज कराया था। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने सोरोंजी कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम को गोकशों की गिरफ्तारी के लिए लगाया। ऐसी स्थिति में पुलिस टीमों की चेकिंग के दौरान शनिवार की रात गोकशों से मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सोरोंजी पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। 24 घंटे के भीतर जिले में हुई दो मुठभेड़ में छह बदमाश पकड़े गए। इसमें तीन के पैर में गोली लगी है।

सोरोंजी थाने की पुलिस अल्लीपुर बरबारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग कर रही थी। शनिवार की रात सरायठेला गांव के पास बाइक पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। लेकिन पुलिस को देख भागने लगे।

इस दौरान पुलिस ने भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें दो गो तस्करों के पैर में गोली लगी। इस दौरान बाइक गिर गई। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से गोतस्कर सोहेल एवं शहनवाज उर्फ परवेज निवासीगण पठानटोला नई बस्ती सहसवान घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं तीसरा गो तस्कर तालिब निवासी मोहल्ला काजी सहसवान जनपद बदायूं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गो तस्करों के पास से दो तमंचा, कारतूस, खोखा, बिना नंबर की बाइक, लकड़ी का गुटका, छुरा, गड़ासा, रस्सी आदि बरामद किया।

सोहेल पर दस, शहनवाज पर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं

कासगंज। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए गो तस्करों पर गैंगस्टर व गोवध अधिनियम, जानलेवा हमला आदि के मामले पहले से थाना सहसवान जिला बदायूं में दर्ज हैं। सोहेल पर कुल 10 मामले दर्ज हैं, जबकि शहनवाज पर 5 मामले दर्ज हैं।

नगला मानसिंह के जंगल में हुई मुठभेड़ में तीन गोतस्कर गिरफ्तार, एक घायल

पटियाली। कोतवाली पुलिस ने गोकशी तैयारी की सूचना पर गोकशों को गिरफ्तार करने के लिए नगला मानसिंह के जंगल में घेराबंदी की। पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के लिए जंगल में गोवंशों को लाया गया है। पुलिस टीम के पहुंचने पर गोकशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक गो तस्कर साहिबे आलम निवासी मोहल्ला हसनथोक भरगैन घायल हुआ। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मोहम्मद हसन और काले निवासी मोहल्ला हसनथोक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की बाइक, ईको कार, मोबाइल, छुरा, कुल्हाड़ी, गड़ासा, रस्सी आदि बरामद किए। मोहम्मद हसन पर थाना पटियाली में पहले से मामला दर्ज है वहीं साहिबे आलम पर थाना सिढ़पुरा में पहले से दो मामले दर्ज हैं।

थाना सोरोंजी व पटियाली पुलिस ने गो तस्करों से हुई मुठभेड़ में छह गो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों मुठभेड़ में अलग-अलग कुल तीन गोतस्कर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए हैं। गोतस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।- अपर्णा रजत कौशिक, एसपी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *