इटावा। मछुआ समुदाय के लिए जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मछुआ उत्सव भवन बनाए जाएंगे। इन भवनों के निर्माण पर शासन कुल 1.41 करोड़ रुपये खर्च करेगा। मत्स्य विभाग को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक निदेशक मत्स्य, प्रमोद कुमार आदर्श ने बताया कि इन भवनों का निर्माण मछुआ कल्याण कोष योजना के अंतर्गत होगा। जमीन का चयन उन क्षेत्रों में किया जाएगा जहां मछुआ समुदाय की आबादी अधिक है। इन उत्सव भवनों को केवल सामुदायिक केंद्र ही नहीं बल्कि एक संसाधन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें विशाल मीटिंग हॉल, आधुनिक पुस्तकालय और कंप्यूटरीकृत कक्ष होगा। बरात, सामाजिक गोष्ठियाँ और शैक्षिक कार्यक्रमों के लिए इन्हें इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि निर्माण के बाद इन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंप दिया जाएगा। परशुपुरा कर्वाबुजुर्ग स्थित मत्स्य प्रक्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए भी शासन 15 लाख का बजट जारी हुआ है। यहां 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है। मछुआरों को डिजिटल दुनिया से जोड़ने के लिए नेशनल फिशर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अभियान तेज कर दिया गया है।
