
जुताई करते समय पलटा ट्रैक्टर
– फोटो : संवाद
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर चालक की दबकर मौत हो गई। वहीं बस की चक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। इसके अलावा नशे में घर पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने घटनाओं की जानकारी ली है।
बसई अरेला थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा निवासी जगदीश शनिवार की शाम गांव के पास अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। खेत जोतने के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर नीचे खेत में पलट गया। चालक जगदीश की दबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर परिजन और ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला। अचानक युवक की मौत से परिजन की रो-रोकर हालत खराब है। मृतक युवक को एक छह माह का बच्चा भी है।
बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी घायल
फतेहाबाद कस्बा की नवीन गल्ला मंडी के पास बाइक सवार दंपती को वोल्वो बस ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई। उनकी पत्नी घायल हो ई। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। शनिवार को पप्पू (55) निवासी विसानो थाना चन्दप्पा हाथरस, पत्नी कमलेश (50) के साथ बाइक से गढ़ी जहानसिह शमसाबाद से फिरोजाबाद जा रहे थे। जैसे ही कस्बा फतेहाबाद की नवीन गल्ला मंडी के पास पहुंचे तो सामने से आ रही वोल्वो बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव गजाधर नगर बिप्रावली में शराब के नशे में घर पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इससे परिजन में कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस को बिना सूचना दिए युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
राजवीर (30) पुत्र बैजनाथ निवासी गांव गजाधर नगर विप्रावली थाना पिनाहट शुक्रवार की रात को शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। पत्नी और बच्चों से गाली गलौज कर रहा था। कहा जा रहा है कि दीवार से टकराकर वह गिर पड़ा। ग्रामीण और रिश्तेदार भी सूचना पर एकत्रित हो गए। मृतक के शव का आनन फानन में अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों में युवक की मौत को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चा है। जिसमें पत्नी से घरेलू कलह और मारपीट भी बताई गई है।
