संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। शनिवार को ग्वालियर स्टेशन से गुजर रही तिरुकुरल एक्सप्रेस में चढ़ते समय टीटीई के दोनों पैर गंवाने के बाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने रेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गोपनीय बैठक में निर्णय हुआ कि टारगेट के लिए अब जान जोखिम में नहीं डाली जाएगी। यदि प्रशासन दबाव बनाता है तो मीटर डाउन किया जाएगा।
महानगर के एक सभागार में झांसी मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने एनसीआरईएस, इंडियन रेलवे टिकिट चेकिंग स्टाफ एसोसिएशन और एनसीआरएमयू के पदाधिकारियों के साथ गोपनीय बैठक की। इस दौरान ग्वालियर स्टेशन पर टीटीई राजेश द्विवेदी के दुर्घटना में दोनों पैर कटने पर दुख व्यक्त किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि रेल प्रशासन ओपन डिटेल ड्यूटी में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ से हर माह छह लाख रुपये राजस्व वसूली करा रहा है, जो आसान नहीं है। टारगेट के दबाव के चलते टीटीई भागदौड़ कर रहे हैं। इसका खामियाजा शनिवार को डिप्टी सीटीआई राजेश द्विवेदी को उठाना पड़ा। अब कोई भी कर्मी प्रशासन के दबाव में काम नहीं करेगा। यदि वसूली का दबाव बनाया जाता है तो सभी मीटर डाउन करेंगे। दूसरी ओर रेल कर्मचारी यूनियन एनसीआरईएस के मंडल सचिव भानु प्रताप सिंह चंदेल ने टिकट चेकिंग स्टाफ का समर्थन करते हुए कहा कि जीवन से बड़ा कोई टारगेट नहीं है। यूनियन कर्मचारियों के हित के लिए रेल प्रशासन से वार्ता कर रास्ता निकलेगी।
घायल टीटीई का हुआ ऑपरेशन
ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती डिप्टी सीटीआई राजेश द्विवेदी का रविवार को चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया। इससे पहले उनके सहयोगी कर्मियों ने ग्वालियर पहुंच कर साथ टीटीई को रक्तदान किया। टीटीई राजेश द्विवेदी के भाई राहुल द्विवेदी ने बताया कि इस घटना ने परिवार को तोड़ दिया है। लेकिन, इस प्रकार के टारगेट का दबाव कर्मचारी के लिए ठीक नहीं है। इस बारे में रेल प्रशासन को मंथन करना चाहिए।
फोटो ::
व्यापारियों ने की झांसी-ललितपुर मेमू के समय में बदलाव की मांग
झांसी। रविवार को बड़ी संख्या में महानगर के व्यापारी और झांसी से ललितपुर तक मेमू ट्रेन से अप डाउन करने वाले यात्रियों ने झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा से मुलाकात कर झांसी-ललितपुर मेमू ट्रेन के समय में बदलाव की मांग की। साथ ही ज्ञापन भी सौंपा।
व्यापारियों ने बताया कि वह प्रतिदिन झांसी-ललितपुर मेमू ट्रेन से लतितपुर तक छोटे-छोटे स्टेशनों पर यात्रा करते हैं। वहीं, वापसी में भी मेमू से ही झांसी आते हैं। रेल प्रशासन ने मेमू ट्रेन का समय घटाकर 6:15 बजे कर दिया है। ऐसे में उनका पूरा काम प्रभावित हो गया है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से सांसद से मांग की है कि झांसी-ललितपुर मेमू ट्रेन का समय 7:45 बजे किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में नरेंद्र दुबे, रवि, मुकेश, कौशल, नकुल झा, केशव आदि शामिल रहे। संवाद
