
तिरंगा यात्रा में शामिल छात्राएं।
अमेठी सिटी। आजादी के अमृत महोत्सव की बुधवार को पूरे जिले में धूम दिखी। घरों व प्रतिष्ठानों पर लोगों ने शान से तिरंगा फहराया। तिरंगा यात्रा निकाल कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कस्बे में सजी दुकानों से बच्चों व अभिभावकों ने तिरंगा झंडे सहित अन्य सामानों की खरीदारी की।
बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम निशा अनंत ने स्कूली बच्चों की तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। वंदे मातरम्, भारत माता के जयघोष के बीच बच्चे कलेक्ट्रेट से रणंजय इंटर कॉलेज पहुंचे। एसपी कार्यालय में एसपी अनूप सिंह ने पुलिस कर्मियों के साथ मौन रखकर शहीदाें को श्रद्धांजलि दी। इसके अतिरिक्त हर घर तिरंगा अभियान के तहत कलेक्ट्रेट सहित सभी विकास खंडों व नगर पंचायतों से तिरंगा यात्रा निकाली गई।
प्राथमिक स्कूल, सारीपुर में वीर शहीदों के रूप में सजे बच्चों ने तिरंगा लेकर गांव का भ्रमण किया। स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। बच्चों को दुकान पर सजे केसरिया, सफेद और हरे रंग से बने सामान, पगड़ी, तिरंगा टी शर्ट, हेयर व कलाई बैंड खूब लुभा रहे हैं। दुकानों पर तिरंगों की बिक्री भी खूब हुई।
जवानों ने दिया तिरंगे के सम्मान का संदेश
भादर (अमेठी)। त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर जीसी के अधिकारियों-जवानों ने बाइक रैली निकालकर देशभक्ति व तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
डीआईजी जीसी राजेंद्र प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में ग्रुप केंद्र परिसर से निकली रैली रामगंज होते हुए दुर्गापुर पहुंची। वहां से छीड़ा, कोहड़ौर तक करीब 15 किमी. का भ्रमण किया। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बीच भीगते हुए जवानों ने भारत माता की जय का उद्घोष किया। रैली में उप कमांडेंट बीएल वर्मा, सहायक कमांडेंट अभिषेक मिश्रा, अभिषेक यादव, सुरेंद्र कुमार, शैलेंद्र कुमार, अखिलेश पांडेय सहित जवान व कर्मी शामिल हुए।
वहीं, आरटीसी के जवानों ने कमांडेंट आनंद सिंह के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली। रैली में उप कमांडेंट दीपक सिंह, पुष्कर सिंह बड़वार, एएस धुले, अमित कुमार, विवेक पटेल, राधेश्याम प्रजापति सहित अधिकारी कर्मी व प्रशिक्षु शामिल रहे।
