लखनऊ। कर्ज उतारने के लिए इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में चोरी करने के आरोपी कर्मी और उसके भाई को कैसरबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास 1.61 लाख रुपये, कटर और घटना में इस्तेमाल स्कूटी मिली है।
लखनऊ। कर्ज उतारने के लिए इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में चोरी करने के आरोपी कर्मी और उसके भाई को कैसरबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास 1.61 लाख रुपये, कटर और घटना में इस्तेमाल स्कूटी मिली है।
इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपी कैसरबाग के मकबूल गंज निवासी विकास गौतम और उसका बड़ा भाई विनय है। चौक के राजा बाजार निवासी नितिन माहेश्वरी की कैसरबाग के गौतम बुद्ध मार्ग पर माहेश्वरी होम एप्लायंसेज नाम से दुकान है। उन्होंने 25 मार्च को कैसरबाग थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नितिन के अनुसार 25 मार्च की सुबह उन्हें पड़ोसी ने दुकान का शटर कटा होने की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दुकान का सामान सही था। मगर गल्ला टूटा हुआ था। उसमें रखे चांदी के सिक्के और नकदी गायब थी।
कद-काठी देखकर कर्मी पर हुआ शक
इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। करीब सौ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए थे। एक फुटेज में दो युवक कंबल से खुद को ढके हुए दिखे। कद-काठी से पीड़ित ने कर्मचारी विकास पर संदेह जताया। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने जुर्म कुबूल लिया। साथ ही बड़े भाई के शामिल होने की बात कही। इस पर आरोपी के बड़े भाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया।