
प्रदेश अध्यक्ष इसकी अगुवाई करेंगे।
विस्तार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय सहित अन्य नेता सोमवार सुबह नौ बजे प्रदेश मुख्यालय से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। वे अयोध्या में सरयू स्नान के बाद दर्शन पूजन करेंगे। इससे पूर्व रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में मशाल जुलूस निकला गया। इसके जरिए सामाजिक सदभाव, देश एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। साथ ही ध्वस्त कानून व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, किसानों तथा युवाओं की समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में रविवार से मणिपुर से मुंबई के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर हर जिले में शाम छह बजे न्याय मशाल यात्रा निकाली गई। लखनऊ में पार्टी मुख्यालय से निकली यात्रा उदयगंज, बर्लिंगटन चौराहा, कैसरबाग चौराहा होते हुए झंडे वाला पार्क अमीनाबाद पहुंची। इस दौरान पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, अखिलेश प्रताप सिंह, अभय दुबे, इन्दल रावत, विश्वविजय सिंह, दिनेश कुमार सिंह, शिव पाण्डेय, मुकेश सिंह चौहान, वेद प्रकाश त्रिपाठी, अनिल यादव, पुनीत पाठक, सचिन रावत, मनीष हिंदवी, अनामिका यादव आदि मौजूद रहे।
