
प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
लखनऊ शहर में तीन और नई टाउनशिप आकार लेंगी। आवास विकास परिषद किसान पथ, इंदिरा कैनाल एवं पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के आसपास 5874 एकड़ में इन टाउनशिप को बसाएगी। बुधवार को परिषद की बोर्ड बैठक में इनके प्रस्ताव रखे जाएंगे। आवास विकास की टाउनशिप एलडीए की आकार ले रहीं तीन बड़ी टाउनशिप को टक्कर देंगी। आवास विकास सूत्रों के मुताबिक तीनों टाउनशिप के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है।
मोहनलालगंज क्षेत्र के आसपास आउटर रिंग रोड पर किसान पथ टाउनशिप विकसित की जाएगी। वहीं इंदिरा कैनाल टाउनशिप ऐसी जगह विकसित की जाएगी, जिसका आउटर रिंग रोड (किसान पथ) से कनेक्शन होगा। इसी तरह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे टाउनशिप होगी। यह टाउनशिप पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होगी। इसके साथ ही सुल्तानपुर रोड की नई जेल रोड योजना का दायरा बढ़ाने का प्रस्ताव भी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण करने की मंजूरी बोर्ड से मांगी जाएगी।
ये भी पढ़ें – सीएम योगी बोले: यूपी में गुंडों के डर से स्कूल जाने से डरती थीं लड़कियां, अब वही गुंडे-माफिया बिलों में छिपे
ये भी पढ़ें – यूपी की झोली भरेगा विश्वकप: ऑनलाइन गेमिंग में प्रदेश नंबर वन, विश्वकप के दौरान 1,800 करोड़ के लगेंगे दांव
नई टाउनशिप का एरिया
किसान पथ टाउनशिप — 2683 एकड़
इंदिरा कैनाल टाउनशिप — 2091 एकड़
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे टाउनशिप — 1100 एकड़
एलडीए की टाउनशिप जिन्हें आवास विकास की टाउनशिप देगी टक्कर
एलडीए 620 एकड़ में मोहान रोड पर एजुकेशन सिटी, सुल्तानपुर रोड पर 1582 एकड़ में आईटी सिटी एवं 1337 एकड़ में वेलनेस सिटी विकसित कर रहा है। कहा जा रहा है कि आवास विकास की टाउनशिप इनको टक्कर देगी।
आवास विकास भी लागू करेगा टीओडी स्कीम
एलडीए की तर्ज पर आवास विकास भी ट्रांजिट ओरिएंटेड डवलपमेंट स्कीम को लागू करने की तैयारी में है। इसका भी प्रस्ताव बोर्ड में रखा जाएगा। हरी झंडी मिली तो मेट्रो रूट पर इंदिरानगर की आवास विकास कॉलोनी में व्यावसायिक निर्माण के मानचित्र पास किए जाएंगे। यानी इस कॉलोनी में मेट्रो रूट के किनारे जिनके बड़े मकान एवं भूखंड हैं, उन पर शॉपिंग सेंटर आदि बन सकेंगे।
10 हजार करोड़ रुपये का बैंक कर्ज लेने की तैयारी
आवास विकास परिषद अपनी विकास योजनाओं को तेजी देने के लिए 10 हजार रुपये का बैंक कर्ज लेने की तैयारी में है। इसका भी प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड की हरी झंडी मिलने के बाद बैंक का चयन किया जाएगा।
बोर्ड बैठक के अन्य प्रस्ताव
– आवास-विकास अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अब सिंगल यूनिट घर आवंटन व्यवस्था खत्म होगी।
– मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन के पास आवास विकास बनाएगा व्यावसायिक केंद्र
– सुल्तानपुर रोड की जेल रोड योजना के लिए जमीन अधिग्रहण संबंधी प्रस्ताव।
