tractor trolley laden with sand crushed only son of an army personnel in Agra

प्रत्युष गौतम की फाइल फोटो, हादसा करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली
– फोटो : संवाद

विस्तार


उत्तर प्रदेश के आगरा में ग्वालियर हाईवे पर बुधवार सुबह बालू से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने केंद्रीय विद्यालय के कक्षा आठ के छात्र प्रत्युष गौतम की जान ले ली। वह साइकिल से स्कूल जा रहा था। घायल हालत में छात्र को आर्मी क्षेत्र स्थित अस्पताल ले जाया गया लेकिन जान नहीं बची। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। छात्र के पिता सेना में हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

हादसा सुबह 6:30 बजे का है। मूलरूप से सादाबाद, हाथरस निवासी शैलेंद्र गौतम जैसलमेर में तैनात हैं। पत्नी बिहार में शिक्षिका हैं। उनका 13 वर्षीय बेटा प्रत्युष अपनी बुआ के पास आर्मी क्वार्टर, सदर में रहता था। वह केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 8 का छात्र था। बुधवार सुबह वह साइकिल से स्कूल जाने के लिए निकला था।

आर्मी क्षेत्र से निकलने के बाद वो जैसे ही ग्वालियर हाईवे पर आया उसे तेज गति से आती बालू से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे के बाद लोग जुट गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक को पकड़ लिया। घायल छात्र को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चालक रवि निवासी बाईंपुर को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना की जानकारी पर मृतक के दादा सुनील कुमार गौतम आगरा आ गए। परिवार में कोहराम मचा है।

धड़ल्ले से दौड़ रहीं बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली

ग्वालियर हाईवे पर मासूम छात्र की जान बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गई। क्षेत्र के लोगों का कहना था कि ग्वालियर की तरफ से रोजाना बड़ी संख्या में बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलती हैं। इस पर पुलिस का कोई ध्यान नहीं है। जिस ट्राली से हादसा हुआ, उसे चालक तेज गति से चला रहा था। गाना भी बज रहा था। बालू भी ओवरलोड थी। इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *