लखनऊ। गोमतीनगर से पुरी (ओडिशा) के लिए नई ट्रेन को स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही यह पटरी पर उतरेगी। इसका नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के गोमतीनगर स्टेशन से चलने वाली ट्रेन अयोध्या, गोरखपुर, पटना के रास्ते होकर पुरी तक पहुंचेगी। इससे भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जाने वालों को राहत मिलेगी। सूत्रों के अनुसार पिछले वर्ष जयपुर में आयोजित रेलवे के टाइमटेबल कांफ्रेंस में प्रस्ताव को सहमति दी जा चुकी है। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने नई ट्रेन की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर का धन्यवाद जताया है।
