अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बड़ागांव के गोरा माछिया स्थित ट्रांसपोर्टर के ऑफिस का ताला तोड़कर बदमाशों ने 1.82 लाख रुपये नकदी उड़ा दी। ऑफिस के अंदर घुसे दो चोर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने भी पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों को तलाशने में जुटी है।
शिवाजी नगर के कमल रेजीडेंसी निवासी ट्रांसपोर्टर विनय नारवानी ने पुलिस को बताया कि गोरा मछिया में उनका ऑफिस है। रोजाना की तरह 31 जनवरी की रात करीब 8:40 बजे वह ताला बंद करके घर लौट आए। रविवार को आस पड़ोस के दुकानदारों ने फोन करके उनको ऑफिस का ताला टूटा होने की बात बताई। सूचना मिलने पर विनय भी जा पहुंचे। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। अंदर जाने पर आलमारी में रखे 1,82,450 रुपये गायब मिले। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर दो बदमाश ताला तोड़कर अंदर जाते हुए नजर आए। चोरी की वारदात कैमरे में कैद हो गई। फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। ट्रांसपोर्टर की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके छाबनीन शुरू कर दी है। सीओ सदर रामवीर सिंह का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।
