
एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान
– फोटो : ANI
विस्तार
दीपावली मनाने के लिए मुंबई व दिल्ली से लखनऊ आने वाले यात्रियों के लिए विमान का किराया आसमान पहुंच गया है। मुंबई से आने वाली उड़ान का टिकट जहां 23724 रुपये है, वहीं दिल्ली से आने वाली फ्लाइट का टिकट 16843 पहुंच गया है। इतना ही नहीं ट्रेनों की वेटिंग भी बढ़ी है।
खास बात यह है कि विमानों का पांच गुने तक महंगा टिकट सिर्फ 26 अक्तूबर को ही लखनऊ आने वाले यात्रियों के लिए है। दरअसल, 26 को शनिवार है, जिसके बाद छुट्टियां हैं। मुंबई से लखनऊ के लिए सुबह 10ः25 बजे रवाना होने वाली इंडिगो की डायरेक्ट फ्लाइट 6ई-2442 का किराया 23,724 रुपये है। ऐसे ही मुंबई से शाम सवा सात बजे टेकऑफ करने वाली फ्लाइट 6ई-544 का किराया 20,476 रुपये पहुंच गया है। वहीं रात 8ः35 बजे रवाना होने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की नॉनस्टाप फ्लाइट आईएक्स-670 का किराया 18,445 रुपये पहुंच गया है। जबकि विस्तारा, एयर इंडिया, इंडिगो आदि की कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 58,374 रुपये तक पहुंच गया है। किराए में अभी और वृद्घि की आशंका जताई जा रही है। अगले दिन रविवार को मुंबई से लखनऊ की उड़ानें 13508 रुपये तक मिल रही हैं।
चार गुनी महंगी दिल्ली से आने वाली फ्लाइट
ऐसे ही नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली इंडिगो की दोपहर 1ः40 बजे की डायरेक्ट फ्लाइट का किराया 12,673 रुपये है। एयर इंडिया की डायरेक्ट उड़ान एआई-811 शाम 6ः50 बजे रवाना होती है, इसका किराया 16,843 रुपये, विस्तारा की दोपहर 1ः40 बजे की डायरेक्ट फ्लाइट यूके-641 का किराया 11,283 रुपये में बिक रहा है। जबकि अगले दिन रविवार को नॉन स्टॉप उड़ानें 6794 रुपये से 9393 रुपये के बीच आसानी से मिल रही हैं। आम दिनों में दिल्ली-लखनऊ का टिकट तीन से चार हजार रुपये में मिल जाता है।
…इसलिए महंगा है टिकट
मुम्बई व दिल्ली से लखनऊ आने वालों के लिए लम्बी छुट्टी की चाहत से टिकट आसमान पहुंच गए हैं। 26 अक्तूबर को शनिवार है। अगले दिन रविवार। इसके बाद 28 को छुट्टी लेने के बाद दो नवंबर तक छुट्टियां हैं। ऐसे में लोग शनिवार को ही लखनऊ आ जाना चाहते हैं।
रेगुलर ही नहीं, स्पेशल ट्रेनों में लंबी वेटिंग
मुम्बई व दिल्ली से लखनऊ आने वाली रेगुलर ही नहीं, स्पेशल ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग हो गई है। इससे यात्रियों के लिए सफर आसान नहीं होगा।मुंबई से आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर में 26 अक्तूबर को रिग्रेट चल रहा है। थर्ड एसी में 143 वेटिंग है। पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस की स्लीपर में 71, थर्ड एसी में 50 वेटिंग, एलटीटी सीतापुर एक्सप्रेस की स्लीपर में 146, थर्ड एसी में रिग्रेट चल रहा है। एलटीटी लखनऊ एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 150, एलटीटी गोरखपुर की स्लीपर में 75, थर्ड एसी में रिग्रेट है। इतना ही नहीं एलटीटी गोरखपुर स्पेशल(05326) की स्लीपर में 146, थर्ड एसी में 82 वेटिंग है। मुम्बई स्पेशल(09189) की स्लीपर में 149, थर्ड एसी में 92, मुम्बई गोरखपुर स्पेशल(01079) की स्लीपर में 132 वेटिंग चल रही है। इधर दिल्ली से लखनऊ आने वाली वंदे भारत की चेयरकार में 26 को 118 वेटिंग, तेजस एक्सप्रेस की चेयरकार में 94, शताब्दी एक्सप्रेस की चेयरकार में 147 वेटिंग चल हरी है। ऐसे ही एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 115, श्रमजीवी की स्लीपर में 81, लखनऊ मेल की स्लीपर में 96, थर्ड एसी में 76 वेटिंग है। स्पेशल ट्रेनों में भी लम्बी वेटिंग चल रही है।
