
तेज हवा व बारिश से झुके बिजली के खंभे
अमेठी सिटी। जिले में रविवार की भोर तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने बिजली आपूर्ति में खलल डाल दिया। जगह-जगह हाईटेंशन लाइनों पर पेड़ व डालियां गिरने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई।
तमाम स्थानों पर तार टूटे और बिजली के खंभे झुक गए। बारिश बंद होने के बाद बिजली कर्मियों ने फाल्ट ढूंढ़कर मरम्मत कार्य शुरू किया। शहरी क्षेत्रों में अधिकतर स्थानों पर करीब दस घंटे बाद दो बजे तक आपूर्ति बहाल हो गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में शाम तक व्यवस्था पटरी पर नहीं आई थी।
रविवार की भोर करीब चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद शहर व ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जिला मुख्यालय स्थित जामो मोड़ के पास पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन का खंभा गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर झुक गया। गनीमत रही कि उस समय काेई बड़ा वाहन नहीं निकल रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता।
टिकरिया स्थित दो स्थानों पर तथा पूरे शिवदीन गांव के पास मुख्यमार्ग पर बिजली के तारों पर पेड़ की डाल टूट कर गिर गई। अमेठी, पीठीपुर, खेरौना, बेनीपुर, जिरहा, भेटुआ सहित अन्य स्थानों पर तारों पर पेड़ व डाल टूट कर गिरने, जंपर उड़ने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 11 बजे बारिश बंद होने के बाद विद्युत कर्मी फाल्ट खोजने निकले। जगह-जगह लाइन पर गिरे पेड़ व डाल को काटकर साफ किया।
जिला मुख्यालय के तहसील फीडर को छोड़कर टाउन तथा अमेठी टाउन की आपूर्ति दो बजे तक बहाल हुई लेकिन आवाजाही लगी रही। जामो मोड़ पर क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त कर बिजली कर्मियों ने तीन बजे आपूर्ति बहाल करा दी। ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल कराने की कोशिश में विद्युत कर्मी जुटे रहे।
जेई ऋषि गुप्ता ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का खंभा दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। अन्य छोटे फाल्ट को ठीक किया जा रहा है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में दस घंटे बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल की दिक्कत हुई।
दोपहर दो बजे तक बाधित रही सभी फीडरों की आपूर्ति
जगदीशपुर (अमेठी)। तेज आंधी पानी से जगदीशपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति भोर चार बजे से बाधित हो गई। उपकेंद्र के पास लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह और विकास खंड कार्यालय के पीछे विद्युत लाइन पर पेड़ की डाल के गिरने से पांच विद्युत पोल व तार टूटकर गिर गए।
उपकेंद्र के पीछे लोहे के पोल झुक गए। डाक बंगले के अंदर पेड़ की डाल के गिरने से तार भी टूट गए। थाना फीडर की आपूर्ति दो बजे तक चालू हो गई, लेकिन अन्य चारों फीडरों के फाल्ट को ठीक करने में विद्युत कर्मी जुटे रहे। आपूर्ति बाधित होने से जगदीशपुर टाउन, हारीमऊ, वारिसगंज, देवकली और थाना फीडर के 18 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। जेई सुनील कुमार मौर्या ने बताया कि विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से समस्या आई है। फाल्ट को दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है।
आंधी से स्कूल परिसर में हाईटेंशन लाइन पर गिरा पेड़
भादर (अमेठी)। पीपरपुर विद्युत उपकेंद्र के ढेमा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर से गुजरी हाईटेंशन लाइन पर आंधी पानी के दौरान यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। आलमपुर, दहियावां, ढेमा, बासदेवपुर, मवैया, अग्रेसर, पीपरपुर, भोजपुर, भादर, घोरहा, बेलसौना, रायपुर, ज्ञानीपुर आदि गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। जेई रवि सिंह ने बताया कि जल्द ही लाइन दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
