फोटो..
– चार साल पहले लगवाई गई थीं, खराब होने पर नहीं बदलीं
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए नगर की प्रमुख सड़कों के डिवाइडर के खंभों पर चार साल पहले लगाई गईं तिरंगा लाइटें कहीं आधी-अधूरी जल रही हैं तो कहीं गायब हो गई हैं। जो लाइटें खराब हो गई हैं, उनकी जगह नगर निगम ने दूसरी नहीं लगवाईं।
दिसबंर 2019 में शहर में केसरिया, सफेद और हरे रंग की झालरें लगाई गईं थीं। बीकेडी से इलाइट चौराहा, इलाइट से अशोक तिराहा, स्टेशन रोड पर तिरंगा झालर लगाई गईं थीं। जब ये लाइटें लगी तो शहर की सुंदरता बढ़ गई। लोगों को भी तिरंगा लाइटें खूब भा रही थीं। मगर धीरे-धीरे से लाइटें खराब होती चली गईं।
अमर उजाला ने शुक्रवार को ग्वालियर रोड स्थित अटल चौक से इलाइट चौराहा तक तिरंगा लाइटों की पड़ताल की। इसमें 80 खंभों में तिरंगा लाइटें लगाई गई थीं, जिसमें से 16 खंभों में ही तिरंगा लाइटें पूरी जलती मिलीं। ज्यादातर खंभों की लाइटें खराब पड़ी थीं। वहीं, कहीं केसरिया लाइट नहीं जल रही थी तो कहीं सफेद और हरी लाइट बंद पड़ी थी।
वर्जन..
डिवाइडर के खंभों पर लगीं तिरंगा लाइट में कोई भी खराब हो जाती है तो वो बदलती नहीं है। ये लाइटें सुंदरता के लिए लगाई गई थीं। अब निगम द्वारा भी सुंदरता के लिए डेकोरेटिव और फसाड लाइटें लगाई गई हैं। – मो. कमर, अपर नगर आयुक्त।
