Tricolor will wave today, songs of freedom will be sung

तिरंगे की रोशनी से नहाया कलेक्ट्रेट भवन

अमेठी सिटी। स्वतंत्रता दिवस की 78 वीं वर्षगांठ को लेकर जिले में जबरदस्त उत्साह है। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बृहस्पतिवार को शान से तिरंगा लहराएगा। जिले में विविध कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में सुबह आठ बजे ध्वजारोहण करेंगे।

Trending Videos

सभी शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बताने के साथ ही शहीदों के जीवन पर आधारित कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही देश प्रेम की भावना जाग्रत किए जाने वाले नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, निबंध लेखन का आयोजन होगा।

ग्राम पंचायत एवं विकास खंड स्तर पर विविध कार्यक्रम होंगे। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में पौधरोपण के साथ ही राज्यमंत्री रंगोली, स्टॉल प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करेंगे। इसके बाद मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण, पंचायत कल्याण कोष के लाभार्थियों को चेक वितरण किया जाएगा।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक आवास, व्यापारिक प्रतिष्ठान, औद्योगिक इकाइयों, सरकारी, गैर सरकारी भवनों पर राष्ट्र ध्वज फहराया जाएगा। वहीं, जनसभा, मानव शृंखला बनाकर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। खेल विभाग की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में पांच किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस होगी।

तिरंगा रोशनी में नहाए सरकारी कार्यालय

अमेठी सिटी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को पूरा जिला आजादी के जश्न में डूबा नजर आया। चारों ओर राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों का नजारा दिखा। जिले की सरकारी इमारतों को तिरंगे की लाइटों से सजाया गया है।

जिले में आजादी के अमृत महोत्सव की धूम मची है। कलेक्ट्रेट और विकास भवन सहित जिले की सभी सरकारी इमारतों को तिरंगा व रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। रात में इन भवनों की सजावट व लाइट की छटा देखते बन रही है। सभी चारों नगर निकायों के कार्यालय, सीएमओ कार्यालय, गौरीगंज ब्लॉक परिसर, शहीद स्मारक, एआरटीओ कार्यालय के अलावा सभी ब्लॉक कार्यालय, पंचायत भवन व अन्य सरकारी भवनों को सजाया गया है।

अमेठी तहसील क्षेत्र स्थित उप निदेशक कृषि कार्यालय, सीएचसी, त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर सहित अन्य सरकारी इमारतों पर बिजली की झालरें मन मोह रही है। जगदीशपुर सीएचसी भवन, औद्योगिक क्षेत्र के कल कारखानों भेल, सेल, इंडो-रामा सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों की इमारतें भी तिरंगे से सजी रहीं। जगदीशपुर व कमरौली थाना, वारिसगंज पुलिस चौकी की भी साज-सज्जा की गई है। रात होते ही झालरों से इमारतों की खूबसूरती कई गुना बढ़ गई।

पांच हजार झंडों से सजाया जा रहा गौरीगंज बाजार

अमेठी सिटी। स्वतंत्रता दिवस पर गौरीगंज नगर पालिका की ओर से बाजार में तिरंगा झंडा लगाया जा रहा है। नगर पालिका में राष्ट्रीय राजमार्ग टांडा-बांदा रोड के अतिरिक्त चौक बाजार व अन्य गलियों में तिरंगा झंडा लगाने का कार्य दिन भर किया गया।

शाम के समय वार्डों में घर-घर झंडा वितरण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय विक्रम सिंह ने बताया कि पालिका की ओर से पांच हजार से ज्यादा झंडे लगाए जा रहे हैं। हर घर पहुंचकर झंडा बांटने का कार्य हो रहा है। इसमें नगर पालिका के सभासद सहयोग कर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें