झांसी। बड़ागांव के गोरा मछिया में ट्रांसपोर्टर विनय नारवानी के ऑफिस का ताला तोड़कर 1.80 लाख रुपये चोरी करने वाले दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। सुराग लगाने पर पुलिस उनका पता लग गया। उनको भूपनगर रोड स्थित बराटा घाट पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से कुल एक लाख रुपये ही बरामद हो सके।
शिवाजी नगर निवासी विनय नारवानी ने बड़ागांव पुलिस को बताया था कि 31 जनवरी की रात उसके ऑफिस में दो चोर ताला तोड़कर घुस गए। बदमाश उसकी ऑलमारी का ताला तोड़कर नकदी उड़ा ले गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। बुधवार को आरोपियों के बराटा घाट पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दो युवकों को पकड़ लिया। उन्होंने अपना नाम सोनू कुशवाहा निवासी तार पाठापुरा और अरविंद विश्वकर्मा निवासी महाराजपुरा, थाना बड़ागांव बताया। उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। सीओ सदर रामवीर सिंह के मुताबिक उनसे 1,00300 रुपये बरामद हुए। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार, दरोगा मो. हारून समेत अन्य शामिल रहे।
इनसेट
बरामद नहीं हो सकी पूरी रकम
पुलिस चोरी की इस घटना को 48 घंटे के भीतर खोल देने का दावा कर रही है लेकिन, पुलिस चोरी हुई पूरी रकम को बरामद नहीं कर सकी। बदमाशों ने 80 हजार रुपये कहां खर्च किए, इसका भी पुलिस के पास कोई जवाब नहीं। अगर बदमाशों ने 48 घंटे के भीतर 80 हजार रुपये से कोई खरीदारी की, उसे भी पुलिस नहीं बता सकी।
